लखनऊ। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने चौक स्थित मठ श्री बड़ी काली जी मंदिर में आयोजित श्रीजगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव में भाग लेकर महाप्रभु श्रीजगन्नाथ जी के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने महाप्रभु श्रीजगन्नाथ जी के भव्य स्वरूपों के साथ पारंपरिक नौकायन में भी सहभागिता की।

धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। समारोह के दौरान मंदिर परिसर जय जगन्नाथ के उद्घोष से गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ रथ यात्रा महोत्सव में हिस्सा लिया।

इस अवसर पर मठ के अध्यक्ष पूज्य स्वामी विवेकानंद गिरी जी महाराज, पूज्य स्वामी त्रिवेणी गिरी जी महाराज, पार्षद अनुराग मिश्रा (अन्नू) सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने महाप्रभु श्रीजगन्नाथ जी से प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।



