
लखनऊ। पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश श्री राजीव कृष्ण द्वारा पुलिस महानिदेशक (रेलवे) श्री प्रकाश डी0 की उपस्थिति में रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा जहरखुरानी जैसी घटनाओं की प्रभावी रोकथाम हेतु वृहद जन-जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया गया। पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा अभियान को प्रभावी एवं व्यापक रूप से संचालित किए जाने के निर्देश दिए गए, ताकि अधिक से अधिक रेल यात्रियों तक सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण संदेश पहुंचाया जा सके और जनसहयोग के माध्यम से रेल अपराधों एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश से होकर गुजरने वाली ट्रेनों, जीआरपी के समस्त थानों, प्रमुख रेलवे स्टेशनों तथा अन्य महत्वपूर्ण रेल परिसरों में बैनर, पोस्टर एवं स्टिकर के माध्यम से यात्रियों को जहरखुरानी से बचाव हेतु सावधानियों एवं सतर्कता के संबंध में जागरूक किया जाएगा। यात्रियों को संदिग्ध व्यक्तियों से सावधान रहने तथा किसी अनजान व्यक्ति द्वारा दिए गए खाद्य पदार्थ अथवा पेय पदार्थ का सेवन न करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
पथराव एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम हेतु भी यात्रियों एवं आमजन को जागरूक किया जाएगा। यात्रियों को रेल पटरियों पर किसी भी प्रकार की वस्तु रखे जाने, पत्थरबाजी अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल जीआरपी पुलिस एवं रेल प्रशासन को सूचना देने के लिए प्रेरित किया जाएगा। राजकीय रेलवे पुलिस द्वारा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रेल परिसरों एवं ट्रेनों में निरंतर चेकिंग, गश्त एवं जन-जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इस वृहद अभियान के माध्यम से सुरक्षित रेल यात्रा के प्रति यात्रियों में जागरूकता बढ़ाने तथा रेल अपराध एवं असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक (रेलवे), लखनऊ श्री रोहित मिश्रा, स्टाफ ऑफिसर डीजी (रेलवे) श्री अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



