कुशीनगर । बरसात के मौसम में नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं जलभराव मुक्त बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद पडरौना द्वारा एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान में 200 से अधिक सफाई मित्रों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए नगर के विभिन्न क्षेत्रों, मुख्य मार्गों एवं गलियों में नालों एवं नालियों की साफ-सफाई का कार्य किया। नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनय जायसवाल ने स्वयं अभियान की बागडोर संभालते हुए सफाई कार्य में भाग लिया तथा सफाई मित्रों का उत्साहवर्धन किया।
इस क्रम में उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई सेवकों की ही नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नगर को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाए रखने के लिए जनसहभागिता भी उतनी ही आवश्यक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्वयं हाथ में झाड़ू लेकर सफाई कार्यों में भाग लेने को भारत की स्वच्छता क्रांति से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वच्छता को स्वास्थ्य सुरक्षा की प्रथम सीढ़ी मानते हैं । श्री जायसवाल ने सफाई मित्रों के परिश्रम और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में सफाई मित्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके अथक प्रयासों के कारण ही नगर में बेहतर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित हो पा रही है। उन्होंने सभी सफाई कर्मियों का सम्मान करते हुए उनके कार्यों की प्रशंसा की और उन्हें पूरी निष्ठा के साथ कार्य करते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलभराव, गंदगी एवं संक्रामक बीमारियों की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए नगर पालिका की टीम लगातार सक्रिय है और नगरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। अभियान के दौरान नालों और नालियों की सफाई, कूड़ा उठान एवं सार्वजनिक स्थलों की विशेष साफ-सफाई कराई गई। इस अवसर पर नगर पालिका के सभासदगण प्रवीण कुमार सिंह, श्याम साहा, बलवंत सिंह गोलू, अनिल जायसवाल, रामाश्रय गौतम के अलावा अनिल मौर्य, अरुण सिंह, घनश्याम, दयाशंकर, भास्कर पाठक, अनूप गोंड, आकाश वर्मा, मंथन सिंह आदि मौजूद रहे ।



