
Ayodhya Janakpur Direct Train: अयोध्या और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने जा रही है. इसको लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुशी जताते हुए लोगों को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि इस रेल सेवा से अवध और मिथिला के आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक रिश्तों को नई मजबूती मिलेगी. इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह संयुक्त रूप से रेल सेवा का शुभारंभ करेंगे.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस पहल को भारत और नेपाल के संबंधों के लिए महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि अवध और मिथिला के बीच सदियों पुराने आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और ‘रोटी-बेटी’ के रिश्तों में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है.
सीएम योगी ने अपने संदेश में लिखा कि प्रभु श्री राम की पावन नगरी अयोध्या धाम और माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होना ऐतिहासिक अवसर है. उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के हाथों इस रेल सेवा का शुभारंभ होगा.
अयोध्या में कार्यक्रम में शामिल होंगे सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रभु श्री राम की कृपा से त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत करने वाले इस पावन अवसर का साक्षी बनने का उन्हें सौभाग्य मिल रहा है. उन्होंने बताया कि वह इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अयोध्या धाम में उपस्थित रहेंगे.
भारत-नेपाल के सांस्कृतिक रिश्तों को मिलेगी मजबूती
सीएम योगी ने विश्वास जताया कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने आत्मीय और सांस्कृतिक संबंध अब आधुनिक रेल संपर्क के जरिए और मजबूत होंगे. उन्होंने इस पहल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत भी, विकास भी’ और ‘नेबरहुड फर्स्ट’ के संकल्प का उदाहरण बताया.
मुख्यमंत्री के मुताबिक, अयोध्या और जनकपुर के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से दोनों देशों के करोड़ों श्रद्धालुओं को तीर्थयात्रा में सुविधा मिलेगी. इसके साथ ही धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक एकता और सीमावर्ती क्षेत्रों की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.



