
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शनिवार को उस समय नया विवाद खड़ा हो गया, जब AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को यूपी पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया। बताया जा रहा है कि पुलिस ने यह सम्मान सुप्रीम कोर्ट के एक जज के लिए तैयार किया था, लेकिन जज की जगह ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया गया। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं और इस पर सियासत भी शुरू हो गई है।
दरअसल, असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद शनिवार को सहारनपुर पहुंचे थे। दोनों नेताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय में डीएम से मुलाकात की और 17 मस्जिदों को जारी किए गए नोटिस के विरोध में ज्ञापन सौंपा। इससे पहले ओवैसी सर्किट हाउस पहुंचे, जहां यूपी पुलिस के जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।
सुप्रीम कोर्ट के जज के लिए होनी थी तैयारी
बताया जा रहा है कि सर्किट हाउस में गार्ड ऑफ ऑनर देने की व्यवस्था सुप्रीम कोर्ट के एक जज के लिए की गई थी। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने जज की जगह AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को ही गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
एक AIMIM नेता ने भी गार्ड ऑफ ऑनर का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने दावा किया कि पुलिस को सुप्रीम कोर्ट के जज को यह सम्मान देना था, लेकिन ओवैसी के सर्किट हाउस पहुंचने पर उन्हें ही गार्ड ऑफ ऑनर दे दिया गया।
गार्ड ऑफ ऑनर पर क्या बोले ओवैसी?
गार्ड ऑफ ऑनर दिए जाने को लेकर सवाल पूछे जाने पर ओवैसी ने ऑफ कैमरा टिप्पणी की। उन्होंने बताया कि उन्हें पहले से इसकी जानकारी नहीं थी कि पुलिस उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देने वाली है। सम्मान लेने के बाद वह सहारनपुर कलेक्ट्रेट से रवाना हो गए।
वहीं, चंद्रशेखर आजाद ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने के बाद अपने गांव के लिए प्रस्थान किया। सहारनपुर पहुंचने पर ओवैसी ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि भी दी।
यूपी चुनाव से पहले साथ आए ओवैसी और चंद्रशेखर
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन किया है। दोनों दल प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसे में सहारनपुर में दोनों नेताओं का एक साथ पहुंचना भी राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।


