
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने जनता से सीधे जुड़ने के लिए नई पहल की है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को ‘अखिलेश सुन रहे हैं’ नाम से एक वेबसाइट लॉन्च की। इसके जरिए सपा आम लोगों की समस्याएं, सुझाव, अनुभव और सपने जानने की कोशिश करेगी। पार्टी इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से जनता की आवाज को अपने राजनीतिक एजेंडे और आगामी चुनाव की रणनीति से जोड़ने की तैयारी में है।
सपा की इस पहल को मिशन-2027 से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी का उद्देश्य केवल लोगों की शिकायतें और सुझाव जुटाना नहीं, बल्कि यह भी जानना है कि प्रदेश की जनता किन मुद्दों को सबसे ज्यादा अहमियत देती है।
वेबसाइट पर चार कैटेगरी में रख सकेंगे अपनी बात
‘अखिलेश सुन रहे हैं’ वेबसाइट पर लोगों को अपनी बात रखने के लिए अलग-अलग कैटेगरी दी गई हैं। इनमें समस्या, सुझाव, अनुभव और सपना शामिल हैं। कोई भी व्यक्ति अपनी बात संबंधित श्रेणी में दर्ज करा सकता है।
हालांकि, वेबसाइट पर शिकायत या सुझाव दर्ज करने से पहले लोगों को अपना नाम, पता और अन्य जरूरी व्यक्तिगत जानकारी देनी होगी। इस व्यवस्था के जरिए पार्टी लोगों से सीधे जुड़ने और उनकी बातों को व्यवस्थित तरीके से एकत्र करने की कोशिश कर रही है।
शिकायत और सुझाव का स्टेटस भी जान सकेंगे लोग
इस वेबसाइट की एक खास बात यह है कि अपनी समस्या या सुझाव दर्ज कराने वाले लोग उसकी आगे की स्थिति भी देख सकेंगे। यानी लोग यह जान पाएंगे कि उनकी ओर से भेजी गई बात कहां तक पहुंची है। इससे पार्टी को जनता के साथ डिजिटल माध्यम से संवाद बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
सपा इस पहल के जरिए गांवों से लेकर शहरों तक लोगों की राय जुटाना चाहती है। माना जा रहा है कि इन सुझावों और अनुभवों के आधार पर पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपने मुद्दों और कार्यक्रमों को आकार दे सकती है।
कई नेताओं ने थामा समाजवादी पार्टी का दामन
वेबसाइट लॉन्च करने के मौके पर शनिवार को कई नेताओं ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता भी ग्रहण की। गाजीपुर से भाजपा छोड़कर उत्पल राय सपा में शामिल हुए। वहीं गाजियाबाद के ब्लॉक प्रमुख अनिल कसाना और सीतापुर से अवधेश चौहान ने भी पार्टी का दामन थाम लिया।
इस दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज न्याय मिलना और सम्मान पाना सबसे बड़ा संकट बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके लिए भाजपा की सरकार जिम्मेदार है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा हटेगी तो संकट मिटेगा।



