कुशीनगर । प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत विद्यालयों में कार्यरत रसोइयों को आज कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया गया । इस आयोजन में रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी प्रदान किये गए । कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। जनपद स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी बंदिता श्रीवास्तव ने की।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने रसोइयों के हित में महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए उनके मानदेय को 2,000 से बढ़ाकर 3,000 प्रतिमाह किए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही रसोइयों एवं उनके परिवारों की सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से पांच लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा की सुविधा तथा दो लाख रुपये की धनराशि का दुर्घटना बीमा उपलब्ध कराया गया है। प्रत्येक शैक्षिक सत्र में रसोइयों को दिए जाने वाले किचेन परिधान के लिए भी धनराशि 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये कर दी गई है। जनपद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रतीकात्मक रूप से 40 रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए। इन जन कल्याणकारी निर्णयों से जनपद में कार्यरत 6,808 रसोइयां लाभान्वित होंगी। मानदेय में वृद्धि, स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा तथा किचेन परिधान की धनराशि बढ़ाए जाने से रसोइयों में उत्साह एवं प्रसन्नता का माहौल रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद कुशीनगर विजय कुमार दुबे, विधायक सदर पडरौना मनीष जायसवाल तथा बीज विकास निगम के उपाध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त मंत्री राजेश्वर सिंह उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने रसोइयों को शासन द्वारा प्रदान किए जा रहे लाभों को उनके सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी नागेन्द्र मणि, खण्ड शिक्षा अधिकारी पडरौना एवं विशुनपुरा, जिला समन्वयक एम0डी0एम0 जितेन्द्र कुमार गौतम, जिला समन्वयक अखिलेश चौधरी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेदार गौरव पाण्डेय, मधुरेन्दु शुक्ल, ऋषभ कुमार, शिव कुमार, अभिनाश शर्मा, नीरज बंका, रविन्द्र पाण्डेय, कन्हैया प्रसाद, हरेन्द्र यादव, अनिल मिश्रा, हेमन्त कुमार, सूरज साहा, रफिक खान, मुन्द्रिका भारती आदि कर्मचारियों ने संभाल रखी थी ।



