खड्डा/कुशीनगर। नारायणी नदी पार रेता क्षेत्र में पानी की धारा पार करते समय मगरमच्छ के हमले में एक युवक के घायल होने की खबर है। घायल युवक का इलाज सीएचसी पर कराया गया।
रविवार की सुबह करीब 10 बजे लक्ष्मीपुर पड़रहवा गांव का रहने वाला निप्पू अपने पिता और गांव के करीब 15 लोगों के साथ नाव से नारायणी नदी के उस पार दियारा में खेत देखने पहुंचा। नाव से उतरने के बाद सभी लोग आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में करीब चार फीट गहरी पानी की एक छोटी धारा पड़ी। निप्पू जैसे ही पानी पार करने लगा, अचानक मगरमच्छ ने उस पर हमला कर दिया और उसके पैरों को पकड़ने की कोशिश की। निप्पू किसी तरह मगरमच्छ से बचकर पानी से बाहर निकला और जोर-जोर से शोर मचाने लगा। आवाज सुनकर पिता और साथ गए लोग दौड़कर पहुंचे। निप्पू को गंभीर घायल देखकर उसे तुरंत नाव से नदी पार कराया गया। इसके बाद परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुर्कहा ले गए, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। मगरमच्छ के हमले में निप्पू के दोनों पैरों और जांघ में गंभीर चोट आई है।



