नये जिलाधिकारी संजय चौहान ने संभाला पदभार , किया कलेक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का निरीक्षण

दिया ई-ऑफिस के माध्यम से फाइलों के त्वरित संचालन एवं आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण का निर्देश

कुशीनगर । यहां के नये जिलाधिकारी संजय चौहान ने आज कलेक्ट्रेट पहुंचकर कोषागार में औपचारिक रूप से अपना पदभार संभाल लिया । इसके पश्चात उन्होंने  कलेक्ट्रेट भवन में स्थित नजारत, ई-डिस्ट्रिक्ट सहित विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से पटलवार रोजमर्रा के कामकाज एवं कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मातहत अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप फाइलों का अधिक से अधिक संचालन ई-ऑफिस के माध्यम से सुनिश्चित कराने और आईजीआरएस पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किये जाने की जरूरत पर जोर दिया। साथ ही नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों को आवंटित धनराशि का समयबद्ध एवं नियमानुसार सदुपयोग सुनिश्चित कराने का निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिया ।मीडिया से जुड़े लोगों से बातचीत के दौरान नवागत जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार की जो प्राथमिकता है , वही हमारी भी प्राथमिकता होगी । सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को मुश्तैदी से लागू किया जाएगा। शासकीय कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी और  जनसामान्य की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा । श्री चौहान ने कहा कि  जनपदवासियों को सुगम एवं सुविधाजनक ढंग से आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना शीर्ष प्राथमिकता होगी । उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने की हिदायत दी गयी है । इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, उप जिलाधिकारीगण व विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button