जिलाधिकारी ने किया आपदा कंट्रोल रूम का निरीक्षण

दिया सभी सूचनाओं को रजिस्टर में अंकित करने एवं संबंधित विभागों को समय से उपलब्ध कराने का निर्देश

कुशीनगर । जनपद में बाढ़ एवं आपदा की स्थिति के दृष्टिगत जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने आज कलेक्ट्रेट स्थित आपदा कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में प्राप्त हो रही सूचनाओं, उनके अभिलेखीकरण तथा संबंधित विभागों के साथ सूचनाओं के आदान-प्रदान की व्यवस्था का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि कंट्रोल रूम में प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना को निर्धारित रजिस्टर में तत्काल एवं स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए। किसी भी सूचना को लंबित न रखा जाए तथा आवश्यकता के अनुसार संबंधित विभागीय अधिकारियों को समय से सूचना उपलब्ध कराते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि बैराजों से हो रहे डिस्चार्ज की सतत निगरानी की जाए तथा जलस्तर एवं डिस्चार्ज में होने वाले किसी भी परिवर्तन की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए। बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए कंट्रोल रूम को पूरी तरह सक्रिय एवं सतर्क रखने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा की स्थिति में सूचनाओं का त्वरित, सटीक एवं समय बद्ध आदान-प्रदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। अतः कंट्रोल रूम में तैनात कार्मिक पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में सूचना प्राप्त होते ही संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कंट्रोल रूम में तैनात कार्मिकों से प्राप्त सूचनाओं एवं उनके आधार पर की गई कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनपदवासियों के लिए आपदा संबंधी सूचना, सहायता हेतु संपर्क: आपदा कंट्रोल रूम: 05564-240590 टोल फ्री नंबर: 1077, जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील किया है कि बाढ़ अथवा किसी भी आपदा से संबंधित सूचना प्राप्त होने पर तत्काल उपरोक्त नंबरों पर सूचना दें, ताकि समय से आवश्यक राहत एवं बचाव कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Related Articles

Back to top button