72 घंटे बीते, कार्रवाई नहीं हुई तो छलक उठा आक्रोश, नवजात को न्याय दिलाने कैंडल मार्च।

मेंहदीगंज में सैकड़ों लोगों ने निकाला शांतिपूर्ण मार्च, अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप।

रामकोला, कुशीनगर। कप्तानगंज स्थित सच्चिदानंद हॉस्पिटल में नवजात बच्ची की मौत के मामले में प्रशासन को दिए गए 72 घंटे की समयावधि बीतने के बाद भी प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए शनिवार शाम रामकोला क्षेत्र के मेंहदीगंज में कैंडल मार्च निकाला गया। पीड़ित परिवार के साथ क्षेत्रवासी, युवा और जागरूक नागरिक हाथों में मोमबत्ती लेकर मार्च में शामिल हुए। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

कैंडल मार्च के आयोजक संदीप मिश्रा ने कहा कि यह मार्च महज विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि नवजात बच्ची को न्याय दिलाने और प्रशासन का ध्यान मामले की ओर आकृष्ट कराने का शांतिपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।

उल्लेखनीय हैं कि रामकोला थाना क्षेत्र के अमडरिया गांव निवासी अश्वनी मिश्रा की  पत्नी मीनाक्षी को 19 अगस्त की रात करीब 8:30 बजे सच्चिदानंद हॉस्पिटल कप्तानगंज में भर्ती कराया था। परिजनों के मुताबिक, 20 अगस्त की सुबह करीब 6:45 बजे सामान्य प्रसव से बच्ची का जन्म हुआ। परिवार का दावा है कि जन्म के समय बच्ची स्वस्थ थी। चिकित्सकों ने हल्का पीलिया बताते हुए बच्ची को एनआईसीयू में रखने की बात कही थी।

परिजनों के अनुसार, 24 अगस्त की सुबह उन्हें बच्ची की मौत की सूचना दी गई। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग शुरू कर दी। अस्पताल के बाहर सुबह से शाम तक धरना देने के बावजूद जब कोई ठोस पहल होती नहीं दिखी तो परिजन नवजात का शव लेकर पैदल जिला मुख्यालय पहुंच गए थे। परिजनों ने प्रशासन को 72 घंटे के भीतर अस्पताल के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की थी। समयावधि बीतने के बाद भी ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए शनिवार को सैकड़ों लोगों ने कैंडल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। लोगों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की।

Related Articles

Back to top button