कुशीनगर । कांग्रेस नेतृत्व के आह्वान पर आज सायंकाल यहां के कांग्रेसियों ने पड़रौना में लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में मुकदमा किये जाने के विरोध में पैदल मार्च कर अपने आक्रोश का इजहार किया । कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रविन्द्र विश्वकर्मा ‘राधे’ के नेतृत्व में पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पडरौना नगर के सुभाष चौक से कठकुइयाँ मोड़ तक पैदल मार्च कर लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया ।
विरोध मार्च के समापन के अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रविन्द्र विश्वकर्मा ‘राधे’ ने कहा कि संविधान हर नागरिक को सामाजिक समरसता और समानता का अधिकार देता है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के सम्मान से जुड़े हल्द्वानी प्रकरण में विधि सम्मत कार्रवाई की मांग करना विपक्ष के नेता का लोकतांत्रिक दायित्व है, लेकिन विडंबना यह है कि कानून के अनुपालन की बात कहने वाले नेता प्रतिपक्ष पर ही मुकदमा दर्ज कर दिया गया। यह निर्णय लोकतांत्रिक परंपराओं और संवैधानिक मर्यादाओं के सर्वथा विपरीत है, जिसका पार्टी वैधानिक व नैतिक तरीके से विरोध करेगी। युवा नेता मोहम्मद जहिरूद्दीन ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में न्याय और समानता का सवाल उठाने वाले विपक्ष के शीर्ष नेता के खिलाफ द्वेषपूर्ण कार्रवाई किसी भी दृष्टि से न्यायसंगत नहीं है। कांग्रेस नेता धनंजय पहलवान ने अपने संबोधन में कहा कि जनहित एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस का एक-एक कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ खड़ा है और इस प्रकार के दबाव की राजनीति का लोकतांत्रिक ढंग से जवाब दिया जाएगा।
पार्टी के जिला मीडिया प्रभारी देशदीपक मिश्रा ने कहा कि लोकतंत्र में न्याय की वाजिब मांग को मुकदमों के जरिए दबाना स्वस्थ शासन व्यवस्था का संकेत नहीं है; प्रशासन को राजनीतिक दबाव में काम करने के बजाय सामाजिक सौहार्द को चोट पहुंचाने वाले मूल तत्वों पर निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।
इस विरोध मार्च में मुख्य रूप से लालचंद प्रसाद, बृजेश जायसवाल, स्वामीनाथ यादव, सोहराब, पिन्टू, आफताब आलम मिंटू, मुस्लिम अंसारी, आफताब, अब्दुल हमीद, मुर्तजा अली, आर्यन, वारिस अली, शेर अली, छोटेलाल भारती, अविनाश गोंड, संजय कुमार, विनय यादव, जितेन्द्र यादव, उपेंद्र कुशवाहा, कुंदन खरवार, अंकित शर्मा, मधूसुदन कुशवाहा, अब्दुर रहीम, अंकित विश्वकर्मा, प्रवीण सिंह जाहिद अली कुरैशी सहित भारी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।



