वाराणसी। सेवा दिवस के अवसर पर शुरू हुए ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार शाम काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के स्वतंत्रता भवन सभागार में ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्टैंड-अप इंडिया योजना के लाभार्थियों को समर्पित कार्यक्रम में 500 से अधिक सफल उद्यमियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी मुख्य अतिथि रहे।
दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा के कार्यपालक निदेशक ललित त्यागी ने अतिथियों और लाभार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि बीएचयू जैसी ज्ञान की नगरी में इस तरह के प्रेरक कार्यक्रम का आयोजन गौरव की बात है। बैंक स्टैंड-अप इंडिया के माध्यम से उद्यमियों को ऋण के साथ उनके सपनों को साकार करने का हौसला भी दे रहा है।
कार्यक्रम में योजना के लाभार्थियों ने मंच से अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि स्टैंड-अप इंडिया के तहत मिले ऋण ने उनके कारोबार को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लाभार्थियों की कहानियों में संघर्ष, आत्मनिर्भरता और सफलता का सफर दिखाई दिया।
मुख्य अतिथि पंकज चौधरी ने कहा कि काशी से सेवा का यह संदेश पूरे देश में जाएगा। स्टैंड-अप इंडिया ने लोगों को सिर्फ लोन नहीं, बल्कि मालिक बनने का हौसला दिया है। लाभार्थियों द्वारा जलाए गए ‘आशीर्वाद के दीये’ विकसित भारत की रोशनी हैं।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया और भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे। अंत में अतिथियों और लाभार्थियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर सेवा संकल्प को दोहराया।



