
वाराणसी। सामने घाट पुल पर ई-रिक्शा से जा रही महिला के गले से चेन छीनकर फरार हुए दो शातिर लुटेरों को रामनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से महिला से छीनी गई पीली धातु की चेन भी बरामद की है। दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से शहर में घूमकर महिलाओं को निशाना बनाते और मौका मिलते ही चेन अथवा पर्स छीनकर फरार हो जाते थे।
पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर 2026 को एक महिला ने रामनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने बताया कि वह ई-रिक्शा से सामने घाट पुल से जा रही थी, तभी मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश उसके गले से चेन छीनकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
बंधा रोड की ओर भागे थे बदमाश
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की। इस दौरान जानकारी मिली कि चेन छीनने के बाद दोनों बदमाश मोटरसाइकिल से बंधा रोड की ओर भागे हैं। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने बावन बिगहा मैदान स्थित दुर्गा मंदिर के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पवन दुबे (31), निवासी रघुनाथपुर, थाना फूलपुर और गौरव तिवारी (22), निवासी गोगवा, पोस्ट रैसीपुर, थाना जंसा के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से महिला से छीनी गई पीली धातु की चेन बरामद हुई।
जंगल में छिपकर रात होने का कर रहे थे इंतजार
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि चेन छीनने की घटना के दौरान काफी लोगों ने उन्हें देख लिया था। पकड़े जाने के डर से दोनों जंगल में छिप गए और रात होने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर यह भी बताया कि वे मोटरसाइकिल से शहर में घूमते थे और मौका मिलते ही महिलाओं के गले से चेन या हाथ में रखा पर्स छीनकर भाग जाते थे। लूटे गए सामान को बेचकर मिलने वाली रकम दोनों आपस में बांट लेते थे।
गौरव पर पहले से दर्ज हैं तीन मुकदमे
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी गौरव तिवारी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना कपसेठी में चोरी और चोरी का माल रखने समेत विभिन्न धाराओं में वर्ष 2023 में तीन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
रामनगर पुलिस ने दोनों आरोपियों को 3 सितंबर की रात करीब 9:15 बजे बावन बिगहा मैदान स्थित दुर्गा मंदिर के पास से गिरफ्तार किया। इस मामले में थाना रामनगर में मु0अ0सं0 0232/2026, धारा 309(4), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
इनकी रही गिरफ्तारी में भूमिका
गिरफ्तारी करने वाली टीम में रामनगर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, चौकी प्रभारी कस्बा उपनिरीक्षक शिवम सोनी, उपनिरीक्षक बाल योगेश्वर गौड़, पंकज मिश्रा, नितेश शर्मा, मनीष मौर्या तथा कांस्टेबल विपिन कुमार, दुर्गा प्रसाद और अजीत कुमार शामिल रहे।



