वाराणसी। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास/धाम की प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर शासन ने बड़ा फैसला लिया है। 16 सितंबर को हुए प्रशासनिक फेरबदल के तहत 2015 बैच के PCS अधिकारी सत्यम मिश्रा को श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर का नया मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है।
सत्यम मिश्रा इससे पहले प्रयागराज में अपर जिलाधिकारी (नगर) के पद पर तैनात थे। अब उन्हें वाराणसी में श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वह वर्तमान CEO विश्वभूषण मिश्रा का स्थान लेंगे।
श्रीकाशी विश्वनाथ धाम देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालुओं के प्रमुख धार्मिक केंद्रों में शामिल है। ऐसे में मंदिर की व्यवस्थाओं, श्रद्धालु सुविधाओं, प्रशासनिक समन्वय और अन्य व्यवस्थाओं के संचालन की जिम्मेदारी नए CEO के सामने होगी।
शासन की ओर से बुधवार को किए गए प्रशासनिक फेरबदल में सत्यम मिश्रा की नियुक्ति की गई है। नई जिम्मेदारी के साथ उनके सामने मंदिर की मौजूदा व्यवस्थाओं को आगे बढ़ाने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की चुनौती भी होगी।



