
लखनऊ | उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के आवास पर सोमवार को आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में फरियादी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। उपमुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से तत्काल संवाद कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनता दर्शन में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने उपचार, आर्थिक सहायता, पुलिस, राजस्व, पारिवारिक एवं प्रशासनिक मामलों से जुड़ी अपनी समस्याएं उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से फोन पर बात की तथा पात्रता और नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने में अनावश्यक देरी से बचा जाए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जनता दर्शन के माध्यम से आमजन की समस्याओं का निराकरण हो रहा है। शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को उसकी समस्या का उचित समाधान मिले। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का नियमित अनुश्रवण करते हुए उनकी प्रगति की जानकारी ली जाए तथा निर्धारित समयसीमा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा और उनकी समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। प्रत्येक फरियादी की बात संवेदनशीलता के साथ सुनी जाए और शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।



