श्रीकाशी विश्वनाथ धाम को मिला नया CEO, सत्यम मिश्र ने संभाली कमान

बाबा कालभैरव और बाबा विश्वनाथ का दर्शन-पूजन कर ग्रहण किया पदभार, श्रद्धालु सुविधाओं और सुगम दर्शन को बताया प्राथमिकता

वाराणसी। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास एवं श्रीकाशी विश्वनाथ विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के नव नियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) सत्यम मिश्र ने सोमवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने से पहले उन्होंने सपरिवार काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के दरबार में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर बाबा विश्वनाथ का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद लिया।

पदभार ग्रहण करने के बाद सत्यम मिश्र ने मंदिर न्यास एवं विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने पर जोर देते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम दर्शन, व्यवस्थाओं की गुणवत्ता और धाम की गरिमा को प्राथमिकता देने की बात कही।

नए CEO के सामने श्री काशी विश्वनाथ धाम की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने, श्रद्धालुओं को सुविधाजनक दर्शन उपलब्ध कराने तथा मंदिर एवं धाम की व्यवस्थाओं में बेहतर समन्वय बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी। पदभार ग्रहण के दौरान न्यास एवं परिषद के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button