ट्रक से टकराई बाराबंकी सीओ की कार, सीओ-सिपाही घायल

सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी में कराया गया भर्ती, कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त

ऊसराहार,इटावा । आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार शाम आगे चल रहे ट्रक से बाराबंकी में तैनात क्षेत्राधिकारी नरेंद्र सिंह की हुंडई क्रेटा कार टकरा गई। हादसे में सीओ नरेंद्र सिंह और उनके साथ कार में सवार सिपाही योगेंद्र सिंह घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और यूपीडा की टीम ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से सैफई स्थित उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय भेजा, जहां उनका उपचार जारी है।

बताया गया कि शनिवार शाम करीब सवा सात बजे सीओ नरेंद्र सिंह और सिपाही योगेंद्र सिंह कार से लखनऊ से आगरा की ओर जा रहे थे। ऊसराहार थाना क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 125+500 पर खरगुआ के पास उनकी कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों लोग घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा की सुरक्षा टीम के संतोष सिंह और एक्सप्रेसवे कुदरैल चौकी प्रभारी ब्रजकिशोर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने दोनों घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से सैफई मेडिकल यूनिवर्सिटी भेजा।

कुदरैल चौकी प्रभारी ब्रजकिशोर ने बताया कि दुर्घटना में सीओ नरेंद्र सिंह और सिपाही योगेंद्र सिंह घायल हुए हैं। दुर्घटनाग्रस्त कार को एक्सप्रेसवे से हटाकर चौकी पर खड़ा करा दिया गया है, जिससे यातायात सुचारू है। यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी संतोष सिंह ने बताया कि कार आगे चल रहे ट्रक से टकराई थी और दोनों घायलों को उपचार के लिए सैफई भेजा गया है।

Related Articles

Back to top button