सोहरौना में घर का ताला तोड़कर लाखों की चोरी, पुलिस से कार्रवाई की मांग

खड्डा/कुशीनगर। खड्डा थाना क्षेत्र के ग्रामसभा सोहरौना में चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी होने पर पुलिस छानबीन में जुट गई है। पीड़ित ने खड्डा थाने में तहरीर देकर पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
सोहरौना गांव निवासी दवा व्यवसायी पवन कुमार जायसवाल द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक गुरूवार की रात में चोर घर का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए। चोरों ने घर में रखे करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण तथा लगभग एक लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी गए सामान में मंगलसूत्र, गले का हार, कान की बाली, अंगूठी समेत अन्य आभूषण शामिल बताए गए हैं। घटना की जानकारी होने पर परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। पीड़ित की सूचना पर पहुंची खड्डा पुलिस व डाग स्क्वायड की टीम छानबीन में जुटी हुई है। पीड़ित ने खड्डा पुलिस से घटना की गंभीरता से जांच कर चोरी गए सामान की बरामदगी तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी चोरी की वारदात को लेकर चिंता है

Related Articles

Back to top button