
भरथना। भरथना-बकेवर मार्ग पर पागल बाबा मंदिर के समीप शुक्रवार रात तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सामने से आ रहे ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो सवार दो लोग घायल हो गए। एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
बकेवर थाना क्षेत्र के गांव पटियन निवासी बबलू पुत्र बृहद सिंह और हरिवंश पुत्र जिलेदार शुक्रवार रात ऑटो से भरथना की ओर आ रहे थे। बताया गया कि रात करीब आठ बजे भरथना-बकेवर मार्ग पर पागल बाबा मंदिर के समीप सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दोनों लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भरथना पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल बबलू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
वहीं हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर और ऑटो को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।
👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇



