शिक्षक बनकर एसडीएम ने बच्चों को पढ़ाया, किया जिज्ञासाओं का समाधान

बूथों के निरीक्षण के दौरान नए मतदाताओं के पंजीकरण के दिए निर्देश, विद्यालय में शिक्षा व स्वच्छता व्यवस्था का लिया जायजा

खड्डा/कुशीनगर। मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा के लिए निकले उपजिलाधिकारी डाक्टर संतराज सिंह बघेल ने नगर पंचायत के मतदेय स्थलों का निरीक्षण करने के दौरान केन्द्रीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को शिक्षक बनकर पढ़ाया और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। एसडीएम ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं सहित मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने बीएलओ और उपस्थित लोगों को फॉर्म-6, फॉर्म-7 तथा फॉर्म-8 के उपयोग और उन्हें भरने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने पात्र नागरिकों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करने तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में सहयोग की अपील की।मतदेय स्थलों के निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने संयुक्त पूर्व माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बच्चों से सामान्य ज्ञान के सवाल पूछे और उनकी शैक्षणिक जानकारी परखी। बच्चों के संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाने पर एसडीएम ने शिक्षक की भूमिका निभाते हुए उन्हें विषयों की जानकारी दी और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। उनके इस प्रयास का उद्देश्य बच्चों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाना और सामान्य ज्ञान को मजबूत करना रहा। निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की जांच की, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई। उन्होंने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।

Related Articles

Back to top button