चदेठी गांव में पराली की आग से मचा हड़कंप, धान की फसल तक पहुंचने से पहले टला बड़ा खतरा

भरथना। थाना भरथना क्षेत्र के चदेठी गांव में मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे खेतों में पड़ी पराली में आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग आसपास के कई खेतों तक फैल गई। खेतों के किनारे खड़ी झाड़ियों में भी लपटें उठने लगीं, जिससे किसानों को धान की खड़ी फसल जलने का डर सताने लगा।

सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब 25 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझने से धान की खड़ी फसल तक लपटें पहुंचने से पहले बड़ा खतरा टल गया और किसानों ने राहत की सांस ली।

प्रारंभिक जानकारी में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा पराली में आग लगाए जाने की आशंका जताई गई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।

 

भरथना संवाददाता गौरव गुप्ता रिपोर्ट।

Related Articles

Back to top button