
खड्डा कुशीनगर |विधानसभा क्षेत्र 329 खड्डा में मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाए रखने के उद्देश्य से शनिवार को उपजिलाधिकारी खड्डा डॉ. संतराज सिंह बघेल ने प्राथमिक विद्यालय नौरंगिया एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय नौरंगिया स्थित मतदेय स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्वाचन संबंधी गतिविधियों की प्रगति की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, अपात्र एवं नियमानुसार हटाए जाने वाले नामों की प्रक्रिया तथा मतदाता सूची में नाम, पता एवं अन्य विवरणों में संशोधन से संबंधित कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बीएलओ को फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 भरने की प्रक्रिया विस्तार से समझाते हुए निर्धारित नियमों के अनुसार आवेदन प्राप्त करने और उनका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने कहा कि नए पात्र मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराने के साथ ही मतदाता सूची में दर्ज विवरणों की शुद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए। आवेदन प्राप्त करते समय आवश्यक अभिलेखों की जांच की जाए तथा संबंधित दस्तावेजों का नियमानुसार सत्यापन करते हुए प्रपत्रों को सावधानीपूर्वक भरा जाए। उन्होंने बीएलओ को मतदाताओं को पंजीकरण एवं संशोधन की प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों के बारे में सही जानकारी देने पर भी जोर दिया। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने बीएलओ से निर्वाचन संबंधी कार्यों के बारे में सवाल पूछकर उनकी जानकारी और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी बीएलओ अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, निष्पक्षता एवं जिम्मेदारी के साथ करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। उपजिलाधिकारी ने कहा कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची निष्पक्ष निर्वाचन की आधारशिला है। इसलिए निर्वाचन संबंधी कार्यों में पारदर्शिता, सटीकता और समयबद्धता बनाए रखना आवश्यक है।



