अमेरिकी स्पीकर की रेस में हकीम जेफ्रीज़, रचेंगे इतिहास?

अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में विपक्ष के नेता हकीम जेफ्रीज़ ने स्पीकर पद के लिए अपनी दावेदारी पेश कर दी है। अगर वह इस चुनाव में जीत हासिल करते हैं, तो अमेरिकी इतिहास में इस पद पर पहुंचने वाले पहले अश्वेत नेता बन जाएंगे। जनवरी में नई कांग्रेस के गठन के साथ डेमोक्रेट्स सदन का नियंत्रण संभालेंगे और ऐसे में स्पीकर पद के लिए जेफ्रीज़ की उम्मीदवारी अहम मानी जा रही है।

अपने सहयोगियों को लिखे पत्र में जेफ्रीज़ ने कहा कि अल्पमत में रहते हुए भी डेमोक्रेट्स ने हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में लगातार सफलता हासिल की है। अब बहुमत मिलने के बाद पार्टी को अमेरिकी लोगों की अपेक्षाओं के मुताबिक बड़े बदलाव करने होंगे।

‘आम अमेरिकी मुश्किल से गुजारा कर पा रहे हैं’

जेफ्रीज़ ने कहा कि नई कांग्रेस को अमेरिका को किफायती बनाने के लिए आक्रामक तरीके से काम करना होगा। उनके मुताबिक, देश के लोग आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं और कई अमेरिकी मुश्किल से अपना गुजारा कर पा रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स अब ट्रंप प्रशासन के अधीनस्थ संस्थान की तरह काम नहीं करेगी। कांग्रेस अपनी निगरानी और संतुलन कायम रखने की संवैधानिक भूमिका निभाएगी, ताकि कार्यपालिका की शक्तियों पर नियंत्रण रखा जा सके।

‘ट्रंप कार्टेल’ को जवाबदेह बनाने की कही बात

न्यूयॉर्क से सांसद जेफ्रीज़ ने अपने बयान में ‘ट्रंप कार्टेल’ का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिकी लोगों के साथ धोखाधड़ी या गलत काम करने वालों को अब छिपने नहीं दिया जाएगा। जेफ्रीज़ ने कहा कि ऐसे लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।

स्पीकर बनने के लिए जीतना होगा चुनाव

फिलहाल रिपब्लिकन नेता माइक जॉनसन अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के स्पीकर हैं। अमेरिका में राष्ट्रपति पद की उत्तराधिकार सूची में उपराष्ट्रपति के बाद स्पीकर का तीसरा स्थान होता है।

हालांकि, डेमोक्रेटिक पार्टी का नेता होने या सदन में बहुमत मिलने भर से जेफ्रीज़ स्पीकर नहीं बन जाएंगे। इस पद पर पहुंचने के लिए उन्हें हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में होने वाला स्पीकर चुनाव जीतना होगा।

Related Articles

Back to top button