गंगोत्री हाईवे पर बड़ा हादसा, गुजरात के 4 यात्रियों की मौत

उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास यात्रियों से भरी इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। हादसे में अब तक चार लोगों की मौत की सूचना है, जबकि तीन अन्य यात्रियों की तलाश की जा रही है। कार में ड्राइवर समेत कुल सात लोग सवार थे।

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। SDRF, जल पुलिस और गोताखोरों की टीमें नदी में लापता लोगों की तलाश कर रही हैं। इसके अलावा मनेरा से NDRF की 27 सदस्यीय टीम को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया है।

गंगनानी के पास हुआ हादसा, नदी में गिरी इनोवा

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इनोवा कार गंगनानी धाराकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे नदी में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया गया है। 108 एंबुलेंस सेवा की टीम भी घटनास्थल पर मौजूद है। नदी में लापता यात्रियों की तलाश के लिए जल पुलिस और गोताखोर लगातार अभियान चला रहे हैं।

सभी यात्री गुजरात के साबरमती के रहने वाले!

शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी यात्री गुजरात के साबरमती के बताए जा रहे हैं। हालांकि, अभी तक सभी की आधिकारिक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस और आपदा कंट्रोल रूम की टीमें यात्रियों के नाम-पते जुटाने में लगी हैं। पहचान की पुष्टि होने के बाद परिजनों से संपर्क किया जाएगा।

CM धामी ने जताया दुख

हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। उन्होंने स्थानीय अधिकारियों को राहत एवं बचाव अभियान में तेजी लाने और घायलों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

फिलहाल हादसे की वजह स्पष्ट नहीं है। शुरुआती तौर पर चालक के वाहन से नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button