
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिवाली से पहले राज्य के सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद राज्य कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा। बढ़ा हुआ DA 1 जुलाई 2026 से लागू माना जाएगा।
दरअसल, केंद्र सरकार ने सातवें केंद्रीय वेतन आयोग के तहत वेतन पाने वाले कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 3 फीसदी की वृद्धि की है। इसके बाद केंद्रीय कर्मचारियों का DA भी 63 प्रतिशत हो गया है। इसी तर्ज पर मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड के कर्मचारियों को भी केंद्र के समान महंगाई भत्ता देने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की है।
किन कर्मचारियों को मिलेगा बढ़े हुए DA का लाभ?
राज्य सरकार के इस फैसले का लाभ केवल नियमित सरकारी कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा। इसके दायरे में स्थानीय निकायों, सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों, राजकीय विश्वविद्यालयों और प्राविधिक शिक्षण संस्थानों के पात्र कर्मचारी भी आएंगे। इसके अलावा यूजीसी वेतनमान के तहत कार्यरत पात्र कार्मिकों को भी बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ मिलेगा।
चार महीने का एरियर भी मिलेगा नकद
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की स्वीकृति के मुताबिक, बढ़े हुए महंगाई भत्ते का लाभ 1 जुलाई 2026 से दिया जाएगा। ऐसे में पात्र कर्मचारियों को 1 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक की अवधि के DA के अंतर का भुगतान एरियर के रूप में नकद किया जाएगा। सरकार के इस फैसले से उत्तराखंड के हजारों पात्र कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।



