भारतीय सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही जबरदस्त उत्साह था। अब रिलीज के बाद मशहूर फिल्ममेकर एसएस राजामौली ने भी इसकी तारीफ की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर फिल्म के विशाल पैमाने, शानदार विजुअल्स और स्टारकास्ट की परफॉर्मेंस की सराहना की। खास तौर पर रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी के अभिनय ने उन्हें प्रभावित किया है।
नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बनी इस फिल्म को राजामौली ने बड़े पर्दे का शानदार अनुभव बताया है। उन्होंने फिल्म के प्री-क्लाइमेक्स और क्लाइमेक्स की भी खास तौर पर तारीफ की।
रणबीर, यश और साई पल्लवी के अभिनय ने जीता दिल
एसएस राजामौली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ‘रामायण’ का रिव्यू शेयर किया। उन्होंने लिखा कि फिल्म का विशाल पैमाना और बड़े पर्दे पर दिखाए गए दृश्य अद्भुत हैं।
राजामौली के मुताबिक, भगवान राम के किरदार में रणबीर कपूर खासकर वनवास के बाद शांत लेकिन प्रभावशाली नजर आए हैं। वहीं, रावण के किरदार में यश का अंदाज बेहद खूंखार है। माता सीता के रूप में साई पल्लवी काफी ग्रेसफुल लगी हैं।
उन्होंने आगे लिखा कि उन्हें फिल्म का प्री-क्लाइमेक्स और क्लाइमेक्स भी बेहद पसंद आया। फिल्म का हर हिस्सा उन्हें शानदार लगा।
नमित मल्होत्रा और नितेश तिवारी को दी बधाई
राजामौली ने फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा, निर्देशक नितेश तिवारी और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इतने बड़े विजन को खूबसूरती के साथ पर्दे पर उतारना सराहनीय है।
राजामौली की इस प्रतिक्रिया को फिल्म की टीम के लिए बड़ी तारीफ माना जा रहा है। खास बात यह है कि राजामौली खुद भी भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाली बड़ी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं।
प्रियंका चोपड़ा और महेश बाबू के साथ ‘वाराणसी’ बना रहे राजामौली
वर्कफ्रंट की बात करें तो एसएस राजामौली इन दिनों अपनी अगली फिल्म ‘वाराणसी’ पर काम कर रहे हैं। इस फिल्म में महेश बाबू और प्रियंका चोपड़ा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म को बड़े बजट पर तैयार किया जा रहा है और इसकी रिलीज डेट 7 अप्रैल 2027 तय की गई है।
वहीं, ‘रामायण’ के दो भागों का कुल बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। ऐसे में दोनों फिल्मों को भारतीय सिनेमा के बड़े प्रोजेक्ट्स में गिना जा रहा है।



