क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने लिया संन्यास! 

फुटबॉल जगत से एक बड़ी खबर सामने आई है। पुर्तगाल के दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल से संन्यास का ऐलान कर दिया है। गुरुवार (5 नवंबर) को सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर उन्होंने अपने फैसले की जानकारी दी। इसके साथ ही पुर्तगाल की राष्ट्रीय टीम के लिए उनका 23 साल लंबा सफर खत्म हो गया। रोनाल्डो ने अपने करियर में कई बड़े रिकॉर्ड बनाए और ट्रॉफियां जीतीं, लेकिन उनके करियर में एक कमी हमेशा रही कि वह पुर्तगाल को फीफा वर्ल्ड कप का खिताब नहीं दिला सके।

भावुक वीडियो जारी कर कही अलविदा कहने की बात

रोनाल्डो ने अपने वीडियो संदेश में पुर्तगाल की मशहूर नंबर-7 जर्सी को अलविदा कहने की बात कही। उन्होंने कहा कि अब इस जर्सी को अगली पीढ़ी को सौंपने का समय आ गया है। रोनाल्डो के मुताबिक, उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि यह जर्सी इतने लंबे समय तक उनके नाम रहेगी।

उन्होंने कहा, “23 साल तक इस जर्सी को पहनने, इसकी रक्षा करने और दुनिया भर के स्टेडियमों में इसे अपने साथ ले जाने का सौभाग्य और जिम्मेदारी मिली। अब इसे आने वाली पीढ़ी को सौंपने का वक्त आ गया है। यह फैसला आसान नहीं था।”

‘फुटबॉल महज एक खेल से कहीं बढ़कर है’

अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को याद करते हुए रोनाल्डो ने कहा कि अगस्त 2003 में शुरू हुआ यह सफर उनकी जिंदगी बदलने वाला साबित हुआ। राष्ट्रीय टीम के साथ बिताए पलों में उन्हें सिर्फ गोल, रिकॉर्ड और ट्रॉफियां ही याद नहीं आतीं, बल्कि वे लोग याद आते हैं जिन्होंने हर परिस्थिति में उनका साथ दिया।

उन्होंने कहा कि दुनिया भर में रहने वाले पुर्तगाली लोगों के लिए राष्ट्रीय टीम से जुड़ना गर्व की बात रही है। कई ऐसे लोग भी थे, जिनसे वह कभी व्यक्तिगत रूप से नहीं मिले, लेकिन उनका समर्थन हमेशा महसूस किया। रोनाल्डो ने कहा कि फुटबॉल सिर्फ एक खेल नहीं है, बल्कि इसका असली मतलब लोगों से जुड़ना है।

पुर्तगाल की जर्सी के लिए झोंक दी पूरी ताकत

रोनाल्डो ने कहा कि राष्ट्रीय टीम के साथ अपने पूरे करियर में उन्होंने अपनी सीमाओं से आगे बढ़ने की कोशिश की। उनका लक्ष्य हमेशा जीतना, सर्वश्रेष्ठ बनना और इतिहास रचना रहा।

उन्होंने अपने सफर की यादें साझा करते हुए कहा कि इस दौरान कई शानदार जीत मिलीं, तो कुछ ऐसी हार भी मिलीं जिनका दर्द आज भी महसूस होता है। कई बार वह पुर्तगाल के लोगों की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी। उनके लिए पुर्तगाल का प्रतिनिधित्व करना हमेशा गर्व की बात रही।

ऐसा रहा रोनाल्डो का अंतरराष्ट्रीय करियर

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने 20 अगस्त 2003 को कजाकिस्तान के खिलाफ पुर्तगाल के लिए अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया था। साल 2004 में ग्रीस के खिलाफ उन्होंने अपना पहला अंतरराष्ट्रीय गोल दागा।

  • अंतरराष्ट्रीय मैच: 234

  • कुल गोल: 146

  • डेब्यू: 20 अगस्त 2003

  • पहला अंतरराष्ट्रीय गोल: 2004

  • राष्ट्रीय टीम के साथ सफर: 23 साल

रोनाल्डो का नाम फुटबॉल इतिहास के महानतम खिलाड़ियों में शुमार है। उनके संन्यास के साथ ही पुर्तगाल की राष्ट्रीय टीम में एक बड़े दौर का अंत हो गया है। हालांकि, उनके क्लब फुटबॉल करियर को लेकर इस घोषणा से कोई जानकारी नहीं मिलती है।

Related Articles

Back to top button