राहुल गांधी पर अमित शाह का तंज, गिनाए कांग्रेस के घटते विधायक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरियाणा के करनाल में कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी के कांग्रेस में प्रमुख संगठनात्मक पदों पर आने के बाद से पार्टी के विधायकों की संख्या लगातार घटती गई। शाह ने 2007 से लेकर 2022 तक के आंकड़े गिनाते हुए कांग्रेस के राजनीतिक प्रदर्शन पर सवाल उठाए।

अमित शाह गुरुवार को करनाल में बीजेपी के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि 2007 में जब राहुल गांधी कांग्रेस के महासचिव बने थे, तब पार्टी के पास 1,200 विधायक थे। उनके उपाध्यक्ष बनने तक यह संख्या घटकर 900 रह गई।

राहुल गांधी के पद के साथ घटती गई विधायकों की संख्या: शाह

अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी जब कांग्रेस के अध्यक्ष बने, तब पार्टी के विधायकों की संख्या 700 रह गई थी। इसके बाद 2022 में भारत जोड़ो यात्रा के समय यह आंकड़ा और घटकर 600 तक पहुंच गया।

शाह ने इन आंकड़ों के जरिए राहुल गांधी के नेतृत्व पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “राहुल जी, जब से आप आए हैं कांग्रेस पार्टी के विधायक लगातार कम हो रहे हैं और जब से मोदी जी आए हैं, तब से बीजेपी के विधायक और सांसद लगातार बढ़ रहे हैं।”

करनाल में बीजेपी के मार्च में शामिल हुए अमित शाह

बीजेपी का ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ मार्च गुरुवार को हरियाणा के करनाल में आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में अमित शाह के साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

मार्च के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर संसद की कार्यवाही बाधित करने और राजनीतिक मुद्दों को लेकर सड़कों पर प्रदर्शन करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संसद चर्चा का सबसे बड़ा मंच है और विपक्ष को अपने सवाल वहीं उठाने चाहिए।

अमित शाह का यह बयान ऐसे समय आया है, जब बीजेपी और विपक्ष के बीच मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राजनीतिक टकराव जारी है।

Related Articles

Back to top button