फरीदाबाद में प्रदूषण पर बड़ा एक्शन, 16 सेंटरों के लाइसेंस सस्पेंड

दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच फरीदाबाद में भी प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। यहां रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (RTA) विभाग ने पेट्रोल पंपों पर चल रहे पॉल्यूशन चेक सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई की है। जांच के दौरान मशीनों में गड़बड़ी और अनियमितताएं मिलने पर 16 सेंटरों के लाइसेंस सस्पेंड कर दिए गए हैं। इसके साथ ही प्रदूषण फैलाने वाले पुराने वाहनों के खिलाफ भी अभियान तेज कर दिया गया है।

आरटीए विभाग के सेक्रेटरी मुनीश सहगल ने बताया कि बढ़ते एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) को देखते हुए विभाग की टीमें लगातार जांच अभियान चला रही हैं। फरीदाबाद में कुल 206 पॉल्यूशन चेक सेंटरों की जांच की गई। इनमें से 16 सेंटरों की मशीनों में गड़बड़ी मिलने पर उनके लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। विभाग की ओर से BS-6 से नीचे के वाहनों पर भी कार्रवाई की जा रही है।

एक महीने में 500 पुराने वाहन इंपाउंड

मुनीश सहगल के मुताबिक, पिछले एक महीने में ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर BS-1, BS-2 और BS-3 श्रेणी के करीब 500 वाहनों को इंपाउंड किया गया है। इसके अलावा BS-4 तक के कमर्शियल वाहनों के लिए भी परिवर्तन योजना पर काम किया जा रहा है।

विभाग ने फरीदाबाद में ऐसे करीब 18 हजार वाहनों की पहचान की है। इनमें से लगभग 5 हजार वाहन मालिक परिवर्तन पोर्टल पर अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं।

पेट्रोल पंपों पर कैमरों से होगी वाहनों की पहचान

प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर नजर रखने के लिए फरीदाबाद के पेट्रोल पंपों पर कैमरे लगाने की योजना बनाई गई है। मुनीश सहगल ने बताया कि इसके लिए निदेशालय स्तर पर टेंडर जारी किया गया है। योजना के तहत अगले डेढ़ से दो महीने में पेट्रोल पंपों पर कैमरे लगाए जा सकते हैं।

इन कैमरों की मदद से वाहनों की पहचान की जाएगी और उनकी श्रेणी का पता लगाया जाएगा। इससे नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।

PUC सर्टिफिकेट नहीं होने पर पेट्रोल-डीजल देने पर रोक की तैयारी

मुनीश सहगल ने बताया कि जिन वाहनों के पास वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) नहीं होगा, उन्हें पेट्रोल-डीजल देने पर रोक लगाने की व्यवस्था भी की जा रही है। ऐसे वाहनों का चालान भी काटा जाएगा।

उन्होंने कमर्शियल वाहन मालिकों से अपील की कि जिन वाहनों की निर्धारित उम्र पूरी हो चुकी है, वे विभाग के पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराएं। ऐसे वाहनों को स्क्रैप कराने के बाद नया वाहन खरीदने पर मिलने वाली छूट का लाभ भी लिया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button