तुर्की की स्टील फैक्ट्री में भीषण धमाका, 17 मजदूरों की मौत

तुर्की में एक बड़ा औद्योगिक हादसा सामने आया है। देश के पश्चिमी हिस्से में स्थित इजमिर शहर के पास एक स्टील फैक्ट्री में सोमवार को जोरदार धमाका हुआ। इस हादसे में 17 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में आग लग गई और आसमान में धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया।

अधिकारियों के मुताबिक, यह दुर्घटना अलियागा इलाके में स्थित हबास डेमिर सेलिक स्टील प्लांट में हुई। यह तुर्की की प्रमुख स्टील कंपनियों में शामिल है। हादसे में जान गंवाने वाले और घायल होने वाले सभी लोग फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर थे।

क्रेन से गिरा बॉयलर, भट्ठी में गिरते ही हुआ धमाका

स्थानीय गवर्नर के मुताबिक, हादसा सोमवार दोपहर के आसपास हुआ। उस समय फैक्ट्री में एक क्रेन की मदद से नया बॉयलर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान क्रेन गिर गई और बॉयलर से जुड़ा सामान नीचे भट्ठी में जा गिरा। इसके तुरंत बाद जोरदार धमाका हुआ और फैक्ट्री में आग लग गई।

घटनास्थल से सामने आए वीडियो में फैक्ट्री के अंदर भीषण आग और आसमान में उठता धुएं का घना गुबार दिखाई दिया। धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

राष्ट्रपति एर्दोगन ने जताया दुख, मृतकों की संख्या बढ़कर 17 हुई

तुर्की के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन ने शुरुआत में हादसे में 16 लोगों की मौत की जानकारी दी थी। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री केमल मेमिसोग्लू ने बताया कि गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति ने भी दम तोड़ दिया। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 17 हो गई।

हादसे में घायल 12 लोगों का इलाज जारी है। घटना के बाद फैक्ट्री में हुए नुकसान और दुर्घटना के कारणों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Back to top button