2018 बॉल टैम्परिंग विवाद फिर चर्चा में, वॉर्नर ने जांच पर उठाए सवाल

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने 2018 के चर्चित बॉल टैम्परिंग विवाद को लेकर उस्मान ख्वाजा के दावों का समर्थन किया है। वॉर्नर ने कहा कि ख्वाजा ने इस मामले में जो कुछ भी कहा है, वह 100 फीसदी सही है। इसके साथ ही उन्होंने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए और कहा कि पूरे मामले को जल्दबाजी में निपटाया गया था।

वॉर्नर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर इस विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “इस मुद्दे पर बात किए हुए मुझे आठ साल हो गए हैं। उस्सी (उस्मान ख्वाजा), मैं पूरी तरह तुम्हारे साथ हूं।”

उन्होंने आगे कहा, “तुमने जो किया, उसके लिए शुक्रिया। तुमने जो कुछ कहा है, वह 100 फीसदी सही है। अब हर कोई सच जानता है।”

ख्वाजा ने क्या दावा किया था?

दरअसल, पिछले हफ्ते ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने 2018 के बॉल टैम्परिंग विवाद को लेकर बड़ा दावा किया था। उन्होंने कहा था कि ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम को पता था कि गेंद की स्थिति बदलने के लिए सैंडपेपर का इस्तेमाल किया गया था। हालांकि, टीम के गेंदबाज लगातार इस बात से इनकार करते रहे हैं कि उन्हें इस योजना की जानकारी थी।

क्या था 2018 का बॉल टैम्परिंग विवाद?

यह मामला मार्च 2018 में दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच के दौरान सामने आया था। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों पर सैंडपेपर की मदद से गेंद की स्थिति से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा था। इस घटना के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने कार्रवाई करते हुए तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर पर एक-एक साल का प्रतिबंध लगाया था। वहीं, बल्लेबाज कैमरन बैनक्रॉफ्ट को नौ महीने के लिए प्रतिबंधित किया गया था।

वॉर्नर ने अब इस मामले की जांच के तरीके पर सवाल उठाते हुए कहा है कि जांच जल्दबाजी में की गई और पूरे विवाद को सही तरीके से नहीं संभाला गया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से 2024 में संन्यास ले चुके वॉर्नर के इस बयान के बाद करीब आठ साल पुराना बॉल टैम्परिंग विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

Related Articles

Back to top button