
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SGPGI) के डॉक्टरों ने चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। संस्थान के प्लास्टिक सर्जरी विभाग की टीम ने पहली बार पैर के अंगूठे को हाथ में प्रत्यारोपित कर एक युवक के हाथ का पुनर्निर्माण किया है। करीब 10 घंटे तक चली इस जटिल सर्जरी के बाद मरीज की हालत अच्छी है और प्रत्यारोपित अंगूठा भी ठीक से काम कर रहा है।
यह सर्जरी 19 वर्षीय युवक पर की गई, जिसका सड़क दुर्घटना में दाहिने हाथ का अंगूठा कट गया था। हादसा 17 मार्च 2026 को हुआ था। दुर्घटना में उसके दाहिने हाथ की दोनों हड्डियां भी टूट गई थीं। शुरुआती इलाज दूसरे अस्पताल में हुआ, जहां फ्रैक्चर को ठीक करने के लिए ऑपरेशन किया गया और अंगूठे के कटे हुए हिस्से को बंद कर दिया गया था।
बाएं पैर का अंगूठा बनाकर दाहिने हाथ में लगाया
कुछ महीने बाद युवक इलाज के लिए SGPGI पहुंचा। अंगूठा न होने की वजह से उसे हाथ से रोजमर्रा के काम करने में परेशानी हो रही थी। इसके अलावा वह शारीरिक बनावट को लेकर भी मानसिक परेशानी महसूस कर रहा था।
डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे पैर के अंगूठे को हाथ में स्थानांतरित करने की सलाह दी। मरीज और उसके माता-पिता की काउंसलिंग के बाद बाएं पैर के अंगूठे को थोड़ा छोटा करके दाहिने हाथ में लगाने का निर्णय लिया गया।
दो टीमों ने मिलकर 10 घंटे में पूरी की सर्जरी
यह जटिल ऑपरेशन 30 सितंबर 2026 को जनरल एनेस्थीसिया देकर किया गया। इसमें प्लास्टिक सर्जरी विभाग की दो टीमों ने एक साथ काम किया। एक टीम ने हाथ में अंगूठा लगाने वाली जगह को तैयार किया, जबकि दूसरी टीम ने बाएं पैर के अंगूठे को सावधानीपूर्वक अलग किया।
पैर के अंगूठे को उसकी रक्त वाहिकाओं, संवेदना देने वाली नसों और टेंडन के साथ निकाला गया। इसके बाद उसे दाहिने हाथ की मेटाकार्पल हड्डी के बचे हुए हिस्से से जोड़ा गया। डॉक्टरों ने हड्डी को स्थिर करने के बाद टेंडन, धमनियों, नसों और संवेदना से जुड़ी तंत्रिकाओं को आपस में जोड़ा, ताकि नए अंगूठे में रक्त प्रवाह और संवेदना बनी रहे।
अब बिना सहारे चल रहा है मरीज
ऑपरेशन के बाद मरीज की लगातार निगरानी की गई। डॉक्टरों के मुताबिक, सर्जरी के बाद की अवधि बिना किसी परेशानी के गुजरी और मरीज को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उसे नियमित जांच के लिए ओपीडी में आने की सलाह दी गई है।
फिलहाल मरीज की हालत अच्छी है। पैर से हाथ में स्थानांतरित किया गया अंगूठा ठीक से काम कर रहा है और युवक बिना किसी सहारे के सामान्य रूप से चल पा रहा है।
SGPGI निदेशक ने टीम को दी बधाई
SGPGI के निदेशक पद्मश्री प्रोफेसर आर.के. धीमन ने इस उपलब्धि के लिए पूरी मेडिकल टीम को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह सफलता संस्थान में समर्पित ‘हैंड ट्रांसप्लांट यूनिट’ स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
इस सर्जरी को प्लास्टिक सर्जरी विभाग के कंसल्टेंट डॉ. अंकुर भटनागर, डॉ. राजीव कुमार भारती और डॉ. निखिलेश कुमार सहित रेजिडेंट डॉक्टरों की टीम ने अंजाम दिया। एनेस्थीसिया टीम में डॉ. आशीष कनौजिया के साथ रेजिडेंट डॉक्टर और ओटी स्टाफ भी शामिल रहे।



