
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी समीकरण बदलने की तैयारी है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के बीच गठबंधन होने जा रहा है। दोनों नेता गुरुवार को लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर तीसरे मोर्चे का औपचारिक ऐलान करेंगे। इस दौरान गठबंधन के नाम की भी घोषणा की जा सकती है।
जानकारी के मुताबिक, लखनऊ के दयाल पैराडाइज होटल में दोपहर 12 बजे होने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद एक साथ नजर आएंगे। दोनों दल उत्तर प्रदेश की करीब 150 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
40 फीसदी दलित-मुस्लिम वोटरों पर नजर
इस गठबंधन को यूपी के दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक मंच पर लाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। प्रदेश में मुस्लिम आबादी करीब 19 फीसदी और दलित आबादी लगभग 21 फीसदी बताई जाती है। इस तरह दोनों समुदायों की कुल आबादी करीब 40 फीसदी है।
सूत्रों के मुताबिक, AIMIM मुस्लिम बहुल 40 से 45 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है। वहीं, बाकी सीटों पर आजाद समाज पार्टी चुनाव लड़ सकती है। हालांकि, सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम तस्वीर गठबंधन की घोषणा के बाद ही साफ होगी।
सपा-कांग्रेस गठबंधन के लिए बढ़ सकती है चुनौती
ओवैसी और चंद्रशेखर का साथ आना समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन के लिए नई चुनौती बन सकता है। राजनीतिक जानकार इसे सपा के PDA फॉर्मूले में सेंध लगाने की कोशिश के तौर पर देख रहे हैं। खासकर उन सीटों पर इस मोर्चे का असर पड़ सकता है, जहां दलित और मुस्लिम मतदाताओं की संख्या निर्णायक मानी जाती है।
उत्तर प्रदेश में करीब 41 विधानसभा सीटें ऐसी बताई जाती हैं, जहां दलित और मुस्लिम मतदाताओं की संयुक्त आबादी 50 फीसदी से अधिक है। ऐसे में तीसरे मोर्चे की एंट्री से बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA और सपा-कांग्रेस गठबंधन, दोनों के चुनावी समीकरण प्रभावित हो सकते हैं।



