दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। धमकी देने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और 7 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। आरोपी ने केजरीवाल के साथ उनकी बेटी को भी जान से मारने की धमकी दी है। इस मामले में पंजाब के मोहाली में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
मामला तिलक नगर से आम आदमी पार्टी के विधायक जरनैल सिंह की शिकायत के बाद सामने आया। उन्होंने मोहाली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) को शिकायत देकर बताया कि उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई थी। इसके बाद उसी नंबर से व्हाट्सऐप पर धमकी भरा संदेश भी भेजा गया।
विधायक से कहा- केजरीवाल तक पहुंचा दो 7 करोड़ की मांग
शिकायत के मुताबिक, फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया। उसने विधायक से कहा कि अरविंद केजरीवाल तक 7 करोड़ रुपये देने की बात पहुंचा दें। ऐसा नहीं करने पर केजरीवाल और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी दी गई।
विधायक ने पुलिस को धमकी भरे व्हाट्सऐप संदेश का स्क्रीनशॉट भी सौंपा है। संदेश भेजने वाले की प्रोफाइल पर ‘H’ नाम दिखाई दे रहा था।
मोहाली में FIR दर्ज, साइबर पुलिस कर रही जांच
शिकायत के आधार पर मोहाली के साइबर क्राइम थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(4), 351(2), 351(3), 351(4), 111(2) और आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत केस दर्ज किया है।
मामले की जांच इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है। पुलिस धमकी देने वाले मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल, आईपी लॉग और लोकेशन की जांच कर रही है। शिकायत में आरोपी की पहचान करने के साथ उसके संभावित सहयोगियों का पता लगाने और केजरीवाल व उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। धमकी देने वाले व्यक्ति का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से वास्तव में कोई संबंध है या उसने गैंग का नाम इस्तेमाल कर रंगदारी मांगने की कोशिश की, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।



