
फ्रांस ने ईरान के खिलाफ प्रतिबंध और सख्त करने का ऐलान किया है। फ्रांस के यूरोपीय मामलों के मंत्री बेंजामिन हद्दाद ने कहा है कि हालिया साइबर हमलों के बाद ईरान पर दबाव बढ़ाया जाएगा। फ्रांस का आरोप है कि इन हमलों के पीछे ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) का हाथ है। हालांकि, ईरान ने इन आरोपों को खारिज किया है।
दरअसल, 11 और 12 अक्टूबर को हुए साइबर हमलों का असर फ्रांस के सैकड़ों स्टोरों पर पड़ा था। हमलों के कारण दुकानों के रेफ्रिजरेटर और फ्रीजर का तापमान बढ़ गया, जिससे बड़ी मात्रा में खाने-पीने का सामान खराब हो गया। इस वजह से कारोबारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
फ्रांस ने ईरानी राजदूत को किया तलब
फ्रांस के विदेश मंत्री जीन-नोएल बारो ने इन साइबर हमलों को गंभीर और आक्रामकता के लिहाज से खतरनाक बताया। उन्होंने कहा कि हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को प्रतिबंधों का सामना करना पड़ेगा।
फ्रांसीसी सरकार ने 9 नवंबर को आरोप लगाया कि साइबर हमलों के पीछे ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स का हाथ है। इसके अगले दिन यानी 10 नवंबर को फ्रांस ने ईरान के राजदूत को तलब किया। फ्रांस ने इसे कथित साइबर हमलों के जवाब में उठाया गया कदम बताया है।
ईरान ने आरोपों को बताया मनगढ़ंत कहानी
दूसरी तरफ ईरान ने फ्रांस के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। ईरान का कहना है कि ये आरोप फ्रांस की जनता को गुमराह करने के लिए गढ़ी गई मनगढ़ंत कहानी का हिस्सा हैं।
फिलहाल दोनों देशों के बीच इस मामले को लेकर तनाव बढ़ गया है। फ्रांस ने प्रतिबंध और कड़े करने की बात कही है, जबकि ईरान ने अपनी भूमिका से इनकार किया है।



