चार साल बाद फिर कांग्रेस में लौटीं अर्चना गौतम

अभिनेत्री और पूर्व कांग्रेस नेता अर्चना गौतम ने एक बार फिर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। बुधवार (11 नवंबर) को उनकी पार्टी में वापसी हुई। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर इसकी जानकारी दी और कांग्रेस नेतृत्व का आभार जताया। अर्चना की वापसी इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि अक्टूबर 2023 में कांग्रेस ने उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया था।

अर्चना गौतम ने कांग्रेस में वापसी की तस्वीर एक्स पर साझा की। इसके साथ उन्होंने लिखा, “चार साल के लंबे संघर्ष और इंतजार के बाद आज पूरे मान-सम्मान के साथ कांग्रेस परिवार में वापसी हुई। आदरणीय राहुल गांधी जी, प्रियंका गांधी जी और कांग्रेस पार्टी का हृदय से आभार। लड़की हूं, लड़ सकती हूं! सत्यमेव जयते!”

क्यों हुई अर्चना गौतम की वापसी?

अर्चना गौतम की कांग्रेस में वापसी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पार्टी की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। मेरठ और हस्तिनापुर के इलाके में उनकी पहचान एक चर्चित चेहरे के रूप में है। ऐसे में कांग्रेस दलित और युवा मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए उनका साथ ले सकती है। यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने उन्हें दोबारा पार्टी में शामिल कराया।

2023 में छह साल के लिए हुई थीं निष्कासित

अर्चना गौतम ने साल 2021 में कांग्रेस का दामन थामा था। 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में उन्होंने मेरठ की हस्तिनापुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

अक्टूबर 2023 में मेरठ कांग्रेस इकाई से मिली शिकायतों के बाद पार्टी ने उन्हें छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था। उन पर पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार और गलत आचरण के आरोप लगाए गए थे। इसके अलावा चुनाव प्रचार के दौरान किराए पर लिए गए वाहनों के मालिकों का भुगतान नहीं करने की शिकायतें भी सामने आई थीं।

अब निष्कासन की अवधि पूरी होने से पहले ही उनकी पार्टी में वापसी हो गई है।

Related Articles

Back to top button