
देहरादून: उत्तराखंड में आपदा प्रभावितों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। अब प्राकृतिक आपदाओं में जान गंवाने वालों के परिजनों को 4 लाख रुपये के बजाय 8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने राज्य आपदा मोचन निधि (SDRF) और राष्ट्रीय आपदा मोचन निधि (NDRF) के तहत मिलने वाली सहायता राशि के मानकों में बढ़ोतरी की है। संशोधित दरें वित्तीय वर्ष 2026-27 से लागू हो गई हैं।
इस फैसले का फायदा उत्तराखंड जैसे आपदा संवेदनशील राज्य को मिलेगा। प्रदेश में हर साल मानसून के दौरान अतिवृष्टि, बादल फटने, भूस्खलन और बाढ़ जैसी घटनाओं से जान-माल का नुकसान होता है। कई बार पहाड़ी इलाकों में गांवों का संपर्क कट जाता है और लोगों की खेती, मकान, पशुधन तथा आजीविका प्रभावित होती है।
मौत पर दोगुनी हुई आर्थिक सहायता
नई व्यवस्था के तहत आपदा में जान गंवाने वाले व्यक्ति के परिजनों को अब 8 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता मिलेगी। पहले यह राशि 4 लाख रुपये थी। राहत और बचाव कार्यों में जुटे कार्मिकों की आपदा में मृत्यु होने पर भी यह प्रावधान लागू होगा।
किसानों को भी मिलेगी ज्यादा राहत
फसल नुकसान की स्थिति में मिलने वाली सहायता राशि में भी बढ़ोतरी की गई है।
-
वर्षा आधारित फसलों के नुकसान पर अब 11,000 रुपये प्रति हेक्टेयर मिलेंगे। पहले यह राशि 8,500 रुपये थी।
-
सिंचित फसलों के लिए सहायता 17,000 से बढ़ाकर 22,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की गई है।
-
बागवानी और बारहमासी फसलों के नुकसान पर अब 30,000 रुपये प्रति हेक्टेयर मिलेंगे। पहले यह 22,500 रुपये थे। यह सहायता अधिकतम 2 हेक्टेयर तक मिलेगी।
-
भूस्खलन या हिमस्खलन से कृषि योग्य भूमि को स्थायी नुकसान होने पर सहायता 47,000 से बढ़ाकर 60,000 रुपये प्रति हेक्टेयर कर दी गई है।
पशुओं के नुकसान पर भी बढ़ी मदद
आपदा में पशुधन का नुकसान होने पर भी अब अधिक आर्थिक सहायता मिलेगी।
-
गाय, भैंस, ऊंट और याक जैसे बड़े पशुओं के लिए 37,500 रुपये के बजाय 50,000 रुपये मिलेंगे। यह सहायता अधिकतम तीन पशुओं तक होगी।
-
भेड़, बकरी और सूअर जैसे छोटे पशुओं के नुकसान पर 4,000 से बढ़ाकर 5,100 रुपये प्रति पशु कर दिए गए हैं।
-
मुर्गी पालन में नुकसान होने पर अब 100 के बजाय 130 रुपये प्रति पक्षी मिलेंगे।
दिव्यांगता और घायलों के लिए भी बढ़ी सहायता
आपदा में स्थायी दिव्यांगता होने पर मिलने वाली आर्थिक मदद में भी इजाफा किया गया है। 40 से 60 प्रतिशत स्थायी दिव्यांगता होने पर सहायता 74 हजार से बढ़ाकर 94 हजार रुपये कर दी गई है। वहीं, 60 प्रतिशत से अधिक गंभीर दिव्यांगता होने पर अब 2.50 लाख के बजाय 3.20 लाख रुपये मिलेंगे।
गंभीर रूप से घायल लोगों के लिए भी राहत राशि बढ़ाई गई है। एक सप्ताह से अधिक समय तक अस्पताल में भर्ती रहने पर अब 20,500 रुपये मिलेंगे, जबकि पहले 16 हजार रुपये मिलते थे। एक सप्ताह से कम अस्पताल में भर्ती रहने पर सहायता 5,400 से बढ़ाकर 7,000 रुपये कर दी गई है।
मकान और घरेलू सामान के नुकसान पर भी राहत
आपदा में कपड़े और घरेलू सामान के नुकसान पर 5,000 रुपये तक की सहायता का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा ग्रामीण और ग्राम सड़कों, पेयजल योजनाओं, बिजली के पोल, ट्रांसफार्मर, स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों की मरम्मत के लिए भी सहायता मानकों में बढ़ोतरी की गई है। बिजली के पोल के नुकसान पर मिलने वाली सहायता 5,000 से बढ़ाकर 6,500 रुपये कर दी गई है।
केंद्र सरकार के इस फैसले से उत्तराखंड में आपदा प्रभावित परिवारों, किसानों, पशुपालकों और घायलों को पहले के मुकाबले अधिक आर्थिक मदद मिल सकेगी।



