
आस्था और लोक-संस्कृति का महापर्व छठ आज यानी 13 नवंबर 2026, शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में सूर्य देव और छठी मइया की विधि-विधान से पूजा की जाती है। व्रती पूरे नियम, निष्ठा और पवित्रता के साथ यह कठिन व्रत रखते हैं। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है और समापन 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा।
छठ पर्व में चार दिनों तक अलग-अलग परंपराओं का पालन किया जाता है। कहीं कद्दू-भात बनाया जाता है तो कहीं खरना के प्रसाद के रूप में गुड़ की खीर और रोटी तैयार की जाती है। आइए जानते हैं छठ पूजा के चारों दिनों का महत्व, पूजा विधि और सूर्य अर्घ्य का समय।
छठ पूजा 2026: चार दिनों का पूरा कार्यक्रम
नवंबर 2026
| दिन | तिथि | पर्व |
|---|---|---|
| पहला दिन | 13 नवंबर, शुक्रवार | नहाय-खाय |
| दूसरा दिन | 14 नवंबर, शनिवार | खरना |
| तीसरा दिन | 15 नवंबर, रविवार | संध्या अर्घ्य |
| चौथा दिन | 16 नवंबर, सोमवार | उषा अर्घ्य और पारण |
सूर्य अर्घ्य का समय:
-
15 नवंबर को सूर्योदय: सुबह 6:44 बजे
-
15 नवंबर को सूर्यास्त: शाम 5:27 बजे
षष्ठी तिथि 14 नवंबर की रात 11:23 बजे शुरू होगी और 16 नवंबर की सुबह 2 बजे समाप्त होगी।
नहाय-खाय पर क्यों खाते हैं कद्दू-भात?
छठ महापर्व का पहला दिन नहाय-खाय कहलाता है। इस दिन व्रती सुबह स्नान करके घर की साफ-सफाई करते हैं और सात्विक भोजन तैयार करते हैं। इस दिन मुख्य रूप से कद्दू की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल खाने की परंपरा है।
धार्मिक मान्यताओं में कद्दू को सात्विक और पवित्र भोजन माना जाता है। इसे हल्का और सुपाच्य भी माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन सात्विक भोजन ग्रहण करने से व्रती आगामी कठिन उपवास के लिए खुद को तैयार करते हैं। भोजन बनाने से लेकर खाने तक विशेष स्वच्छता का ध्यान रखा जाता है।
खरना के बाद शुरू होता है 36 घंटे का निर्जला व्रत
छठ पूजा के दूसरे दिन यानी 14 नवंबर को खरना मनाया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं। शाम को स्नान के बाद पूजा की जाती है और गुड़ तथा चावल से बनी खीर के साथ रोटी का प्रसाद तैयार किया जाता है।
पूजा के बाद व्रती प्रसाद ग्रहण करते हैं और परिवार के सदस्यों तथा अन्य लोगों में भी इसे बांटते हैं। खरना के बाद ही करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होता है। इस दौरान व्रती अन्न और जल ग्रहण नहीं करते हैं।
संध्या अर्घ्य में डूबते सूर्य को दिया जाता है अर्घ्य
छठ पूजा के तीसरे दिन यानी 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य दिया जाएगा। इस दिन व्रती बांस के सूप और दउरा में ठेकुआ, फल और अन्य पूजन सामग्री सजाकर घाटों पर पहुंचते हैं।
इसके बाद जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को दूध और जल से अर्घ्य दिया जाता है। इस दौरान सूर्य देव और छठी मइया से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की जाती है।
उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा छठ महापर्व का समापन
छठ पूजा के चौथे और अंतिम दिन यानी 16 नवंबर को उषा अर्घ्य दिया जाएगा। इस दिन व्रती सुबह-सुबह घाटों पर पहुंचकर उगते सूर्य का इंतजार करते हैं। सूर्य की पहली किरण दिखाई देने पर उन्हें जल और दूध से अर्घ्य अर्पित किया जाता है।
इसके बाद छठी मइया की पूजा कर परिवार की खुशहाली की कामना की जाती है। पूजा संपन्न होने के बाद प्रसाद बांटा जाता है और व्रती जल ग्रहण करके व्रत का पारण करते हैं।
इस तरह चार दिनों तक चलने वाला छठ महापर्व श्रद्धा, स्वच्छता, अनुशासन और प्रकृति के प्रति आभार की परंपरा के साथ संपन्न होता है।



