
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित कार्यक्रम में ‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह के सफर पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन करेंगे। इस मौके पर वह लखनऊ के 1090 परिसर में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से आयोजित विशेष प्रदर्शनी का वर्चुअल उद्घाटन भी करेंगे। प्रदर्शनी में योगी की पाती के जरिए प्रदेश की जनता तक पहुंचाए गए संदेशों, विचारों और जनसरोकारों को रचनात्मक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा।
‘योगी की पाती’ मुख्यमंत्री और प्रदेशवासियों के बीच संवाद का एक माध्यम बनकर सामने आई है। इसके जरिए सरकार की प्राथमिकताओं के साथ आम लोगों के जीवन से जुड़े मुद्दों को भी जगह दी गई है। किसान, नौजवान, महिलाएं, आस्था, विकास, सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे विषयों पर आधारित पातियों के माध्यम से प्रदेश की सामाजिक और विकास यात्रा को जनता तक पहुंचाने की कोशिश की गई है।
50 सप्ताह के सफर को समेटेगी कॉफी टेबल बुक
योगी की पाती के 50 सप्ताह पूरे होने पर जारी होने वाली कॉफी टेबल बुक में मुख्यमंत्री के संदेशों, अलग-अलग सप्ताह की थीम और जनहित से जुड़े मुद्दों को संकलित किया गया है। इसमें उन विषयों को भी जगह मिलेगी, जिनके माध्यम से सरकार और समाज के बीच संवाद स्थापित करने का प्रयास किया गया।
यह पुस्तक केवल पातियों का संग्रह नहीं होगी, बल्कि इस पहल के जरिए प्रदेश में हुए सामाजिक और विकासात्मक बदलावों की झलक भी पेश करेगी।
1090 परिसर में दिखेगा 50 सप्ताह का सफर
विशेष प्रदर्शनी में योगी की पाती की अब तक की यात्रा को चित्रों और अन्य रचनात्मक माध्यमों से प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें अलग-अलग सप्ताहों की थीम, प्रमुख संदेश और उनसे जुड़े जनसरोकारों को दिखाया जाएगा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को इस संवाद पहल से परिचित कराना है।
सात दिन, सात थीम और सांस्कृतिक कार्यक्रम
इस आयोजन को सात दिवसीय सांस्कृतिक उत्सव के रूप में भी आयोजित किया जाएगा। हर दिन की सांस्कृतिक संध्या योगी की पाती की एक विशेष थीम पर आधारित होगी। गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए प्रदेश के सामाजिक जीवन, विकास और जनकल्याण से जुड़े मुद्दों को सामने रखा जाएगा।
- सोमवार – मिट्टी की पाती: किसान, खेती और गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन से जुड़े विषय।
- मंगलवार – बेटी की पाती: महिला सुरक्षा, सम्मान और बेटियों की आकांक्षाओं पर केंद्रित।
- बुधवार – नौजवान की पाती: रोजगार, कौशल, मेहनत और युवाओं के सपनों को मिलेगी जगह।
- गुरुवार – आस्था की पाती: अयोध्या, काशी, मथुरा-वृंदावन और नैमिषारण्य की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत की झलक।
- शुक्रवार – रफ्तार की पाती: एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेट्रो और औद्योगिक विकास को किया जाएगा प्रदर्शित।
- शनिवार – सुकून की पाती: सुरक्षित उत्तर प्रदेश के साथ स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े विषय।
- रविवार – आपकी पाती: बीते दस वर्षों की यात्रा को गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से दिखाया जाएगा।
इस तरह ‘योगी की पाती’ के 50 सप्ताह पूरे होने का आयोजन पुस्तक विमोचन, प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए किया जाएगा।



