
आम आदमी पार्टी (AAP) ने परिसीमन बिल का विरोध करने का ऐलान किया है। पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शुक्रवार को कहा कि AAP लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों में इस बिल के खिलाफ आवाज उठाएगी।
संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि परिसीमन के बाद निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण बीजेपी अपने हिसाब से कराएगी। उन्होंने बिल को ‘बीजेपी जिताओ बिल’ बताते हुए कहा कि इससे निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्निर्धारण की प्रक्रिया पर सवाल खड़े होते हैं।
संजय सिंह ने निर्वाचन क्षेत्रों के निर्धारण पर उठाए सवाल
संजय सिंह ने कहा कि परिसीमन के बाद सीटों की संख्या बढ़ने की स्थिति में निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण कौन करेगा, यह अहम सवाल है। उन्होंने आशंका जताई कि प्रक्रिया में बीजेपी के पक्ष में काम करने वाला व्यक्ति शामिल हो सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि इसके लिए किसे नियुक्त किया जाएगा।
AAP सांसद ने असम और जम्मू-कश्मीर में परिसीमन की प्रक्रिया का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी ने वहां परिसीमन के नाम पर धोखा दिया।
DMK को भी दी नसीहत
संजय सिंह ने कहा कि उन्होंने सुना है कि डीएमके परिसीमन बिल का समर्थन कर सकती है। उन्होंने डीएमके को आगाह करते हुए कहा कि ऐसा करना उसके लिए नुकसानदेह हो सकता है। संजय सिंह ने कहा कि बिल का समर्थन करने वाली विपक्षी पार्टियों को इतिहास माफ नहीं करेगा।
दोनों सदनों में विरोध करेगी AAP
संजय सिंह ने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी परिसीमन बिल के विरोध में है और संसद के दोनों सदनों में इसका खुलकर विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस मुद्दे पर अपना रुख साफ कर चुकी है।



