लखनऊ। उत्तर प्रदेश के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री नारद राय ने शुक्रवार को बताया कि प्रदेश के सभी महानगरों में मिनी साइंस पार्क का निर्माण कराया जायेगा। इसमें विज्ञान के प्रति छात्रों में रूचि पैदा करने के लिए कक्षा एक से इण्टर तक विज्ञान से संबंधित उपकरण लगाये जायेंगे। इसके अलावा केन्द्र सरकार की मद्द से कानपुर में एक साइंस पार्क का निर्माण होगा। वह विज्ञान भवन में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित रह रहे थे। मंत्री नारद राय ने बताया कि सैफई एवं बलिया में चन्द्रशेखर मिनी साइंस पार्क की स्थापना का कार्य वर्तमान वित्तीय वर्ष में ही करा लिया जायेगा। प्रत्येक मिनी साइंस पार्क पर लगभग 50 लाख रूपये की धनराशि खर्च की जायेगी। उन्होंने कहा कि मिनी साइंस पार्क के निर्माण के लिए सभी जिलों के जिलाधिकारी, मेयर और नगर आयुक्त को पत्र भेज दिया गया है। जहां पर नगर निगम एक एकड़ जमीन निःशुल्क उपलब्ध करायेगा वहां पर सरकार पार्क का निर्माण करायेगी। भूमि का स्वामित्व एवं अनुरक्षण का कार्य स्थानीय निकायों का ही रहेगा। मिनी साइंस पार्क में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग से संबंधित उपकरण स्थापित किये जायेंगे।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal