
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय कैबिनेट की ओर से परिसीमन विधेयक को मंजूरी दिए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार जताते हुए कहा कि यह फैसला 2029 के लोकसभा चुनाव में नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू करने का रास्ता साफ करेगा। इससे संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था प्रभावी हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पहले ही संसद से पारित हो चुका है। अब परिसीमन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के बाद संसद और विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत तक वृद्धि का रास्ता प्रशस्त होगा।
राज्यों की हिस्सेदारी पर क्या बोले योगी?
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रस्तावित व्यवस्था की खास बात यह है कि 2011 की जनगणना को आधार बनाकर राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों का अनुपात बरकरार रखा जाएगा। इसी अनुपात में सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इससे किसी भी राज्य की हिस्सेदारी प्रभावित होने की आशंका नहीं रहेगी।
उन्होंने बताया कि महिला आरक्षण को शुरुआती तौर पर 15 वर्षों के लिए लागू करने और सीटों के रोटेशन की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के माध्यम से आगे बढ़ाई जाएगी।
महिलाओं को 33% आरक्षण ऐतिहासिक पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आधी आबादी को संसद और विधानसभाओं में कम से कम 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की पहल ऐतिहासिक और स्वागत योग्य है। महिला सशक्तीकरण समृद्ध भारत के निर्माण का आधार है। इससे आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को भी मजबूती मिलेगी।
यूपी के सभी 80 सांसदों से समर्थन की अपील
योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सांसदों से परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी सांसद 2029 के लोकसभा चुनाव में नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू करने का मार्ग प्रशस्त करने में योगदान दें।
मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से इस महत्वपूर्ण पहल में सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने का यह सुनहरा अवसर है।



