अखिलेश यादव को CM बनाना चाहती है कांग्रेस, इमरान मसूद ने रखी शर्त

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर सियासी खींचतान जारी है। इस बीच कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहती है कि अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनें, लेकिन गठबंधन में कांग्रेस को भी उचित जगह मिलनी चाहिए।

इमरान मसूद ने शनिवार को न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में कहा कि अगर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनना है तो उन्हें बड़ा दिल दिखाना होगा। उन्होंने कांग्रेस की राजनीतिक हैसियत को कम करके आंकने की कोशिश पर भी नाराजगी जताई।

26 सीटों के ऑफर पर क्या बोले इमरान मसूद?

समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस को केवल 26 सीटें दिए जाने की खबरों पर इमरान मसूद ने कहा कि अगर कांग्रेस की हैसियत को इतना कम करके आंकने की कोशिश की जा रही है तो यह अच्छी बात नहीं है।

उन्होंने कहा, “हम अपनी पार्टी का आत्मसमर्पण करके चुनाव के मैदान में नहीं उतर सकते।”

कांग्रेस सांसद के इस बयान को सपा के साथ सीट बंटवारे की बातचीत के बीच पार्टी की नाराजगी के तौर पर देखा जा रहा है।

2017 के चुनाव का भी किया जिक्र

इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस 2017 के विधानसभा चुनाव में 107 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उस समय की स्थिति और आज की राजनीतिक परिस्थितियों में काफी अंतर आ चुका है।

उन्होंने गठबंधन के दौरान जीते सांसदों का जिक्र करते हुए कहा कि 43 सांसद जीते थे, जिनमें समाजवादी पार्टी और कांग्रेस दोनों के सांसद शामिल थे।

अखिलेश यादव को दिया बड़ा संदेश

कांग्रेस सांसद ने कहा कि अगर अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनना है तो उन्हें गठबंधन में सभी सहयोगियों को उचित जगह देनी होगी।

उन्होंने कहा, “अगर आपको (अखिलेश यादव) मुख्यमंत्री बनना है, तो दिल बड़ा करना होगा।”

इमरान मसूद के इस बयान से साफ है कि कांग्रेस यूपी चुनाव 2027 में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन की इच्छुक है, लेकिन सीट बंटवारे में अपनी राजनीतिक हैसियत के मुताबिक हिस्सेदारी चाहती है। अब देखना होगा कि दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर जारी बातचीत किस दिशा में आगे बढ़ती है।

Related Articles

Back to top button