
संसद के विशेष सत्र से पहले विपक्षी दलों ने अपनी रणनीति बनाने की तैयारी तेज कर दी है। शनिवार को दिल्ली में INDIA गठबंधन की अहम बैठक होने जा रही है। इसमें महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संभावित संविधान संशोधन विधेयकों पर विपक्ष की रणनीति पर चर्चा होनी है। हालांकि, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद सुप्रिया सुले इस बैठक में शामिल नहीं होंगी।
सुप्रिया सुले ने शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए बताया कि उनके पिता और NCP-SP प्रमुख शरद पवार की तबीयत ठीक नहीं है। वह अस्पताल में भर्ती हैं, इसलिए सुप्रिया सुले सप्ताहांत में मुंबई में ही रहेंगी। उन्होंने बताया कि वह सोमवार सुबह दिल्ली पहुंचेंगी और संसद के सत्र में हिस्सा लेंगी।
शरद पवार अस्पताल में भर्ती, सुप्रिया सुले ने बताई वजह
बारामती से सांसद सुप्रिया सुले ने अपने व्हाट्सएप स्टेटस के जरिए बताया कि शरद पवार की तबीयत खराब होने के कारण वह दिल्ली नहीं जा पाएंगी। शरद पवार को डिहाइड्रेशन की शिकायत के बाद गुरुवार को दक्षिण मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सुप्रिया सुले ने यह भी कहा कि उन्हें INDIA गठबंधन की बैठक के बारे में कोई जानकारी नहीं थी और न ही उन्हें बैठक में शामिल होने का कोई निमंत्रण मिला था।
संजय राउत भी बैठक में नहीं होंगे शामिल
INDIA गठबंधन की इस बैठक में शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के सांसद संजय राउत भी शामिल नहीं होंगे। हालांकि, उनकी पार्टी के अन्य सांसद बैठक में हिस्सा लेंगे। बैठक में संसद के विशेष सत्र के दौरान विपक्ष की रणनीति और संभावित विधेयकों पर चर्चा की जाएगी।
NCP-SP ने सांसदों के लिए जारी किया व्हिप
इस बीच NCP-SP ने अपने लोकसभा सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। इसमें सभी सांसदों को 30 नवंबर से संसद में मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है। यह व्हिप ऐसे समय जारी हुआ है, जब चर्चा है कि पार्टी परिसीमन विधेयक पर बीजेपी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार का समर्थन कर सकती है।
हालांकि, सुप्रिया सुले ने कहा है कि किसी भी विधेयक पर पार्टी अपना रुख उसका मसौदा देखने के बाद ही तय करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी बिल का ड्राफ्ट नहीं देखा गया है।
परिसीमन बिल पर सरकार की तैयारी तेज
दूसरी ओर, केंद्र सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्ताव को संसद में पेश करने की तैयारी कर रही है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को नए प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इसके तहत सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की मौजूदा संख्या में 50 फीसदी बढ़ोतरी का प्रस्ताव है।
माना जा रहा है कि इस विधेयक को संसद के विशेष सत्र में पेश किया जा सकता है। ऐसे में शनिवार को होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक में विपक्षी दलों की रणनीति पर सबकी नजर रहेगी।



