लखनऊ। अभी तक फिल्मी अदाकारा ही भीड़ बटोरने के लिए रैम्प पर कैटवाॅक करती थी। अब कांग्रेस पार्टी भी अपने युवराज को रैम्प पर उतारने जा रही है। अब देखना यह है कि राहुल गांधी रैम्प पर चलकर जनता का दिल जीत पाते हैं कि नहीं। आज लखनऊ के रमाबाई अम्बेडकर मैदान में कांग्रेस का यूपी उद्घोष कार्यक्रम है। इस कार्यक्रम में राहुल गांधी कांग्रेस के बूथ स्तर के 50 हजार कार्यकर्ताओं के सामने संवाद के लिए रैम्प पर उतरेंगे। टीम पीके ने पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं को यह बताकर बुलाया गया है कि राहुल गांधी आप लोगों से सीधे मुखातिब होंगे लेकिन यहां पर केवल 50 कार्यकर्ताओं को प्रश्न पूछने की अनुमति मिलेगी।
इसके लिए प्रशान्त किशोर ने आलीशान मंच और रैम्प तैयार किया है। यह मंच मुंबई से मंगाया गया है। इस कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी पहली बार रैंप पर चलते दिखेंगे। हर कार्यकर्ता तक राहुल गांधी की पहुंच हो इस बात को ध्यान में रखकर इस तरह से मंच बनाया गया है। यानी राहुल मंच पर चलते हुए कार्यकर्ताओं के बीच पहुंच पाएंगे और उनसे सीधा संवाद करेंगे। राहुल गांधी 2.30 बजे अमौसी एअरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से सीधे वह कार्यक्रम स्थल जायेंगे। राहुल गांधी की यह रैली चुनाव सलाहकार प्रशांत किशोर के लिए भी परीक्षा की घड़ी है। यही वजह है कि पीके और उनकी टीम इस आयोजन को सफल बनाने के लिए जी जान से जुटे हैं।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal