कन्नौज। जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत इन्दरगढ़ थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मारपीट, बलवा और जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के मामले में आठ शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और खोखा भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 4 मार्च 2026 को ग्राम गुमदापुर निवासी श्यामजी नायक ने थाना इन्दरगढ़ में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुछ दबंगों ने एक राय होकर उनके, उनके भाई विकास, दोस्त अभिषेक और माता गुमता देवी के साथ गाली-गलौज की। आरोप है कि दबंगों ने लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला किया और जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की। इस मामले में पुलिस ने 15 नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
एसपी विनोद कुमार के निर्देशन और थानाध्यक्ष नीलम सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को ग्राम गुमदापुर तिराहे के पास घेराबंदी कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में युवराज सिंह उर्फ सल्लू की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान खनियापुर गांव निवासी जितेन्द्र सिंह फौजी उर्फ अभिषेक, प्रदीप कुमार उर्फ शीलू, रामकिशोर, पुष्पेन्द्र सिंह उर्फ चौधरी, जीतेन्द्र उर्फ जीतू कुमार, जगपाल सिंह, उटकपुरा गांव निवासी अमन राजपूत तथा भरखरा गांव निवासी युवराज सिंह उर्फ सल्लू के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष नीलम सिंह के साथ उपनिरीक्षक शीलेश कुमार, सुरेश चन्द्र और अन्य 12 मुख्य आरक्षी व आरक्षी शामिल रहे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।



