कन्नौज। जनपद में आयुष्मान भारत–प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया को तेज कर दिया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता के निर्देशन में जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर विशेष कैंप आयोजित कर लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जनपद के 14 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी), दो जिला स्तरीय केंद्रों और एक मेडिकल कॉलेज में आयुष्मान मित्रों द्वारा कैंप लगाकर कार्ड बनाने का कार्य किया जा रहा है। इन कैंपों में पात्र लाभार्थियों को योजना की जानकारी देने के साथ ही मौके पर ही उनके आयुष्मान कार्ड भी बनाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में विकास खंड छिबरामऊ के ग्राम पंचायत असालत में आयोजित आयुष्मान कार्ड कैंप का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्ड बनाने की प्रक्रिया का जायजा लिया गया और कैंप में मौजूद लाभार्थियों को योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस कैंप में अब तक 10 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड जल्द से जल्द बनाए जाएं, ताकि अधिक से अधिक लोगों को इस योजना का लाभ मिल सके।



