कुशीनगर । पुलिस ने चौरा खास थाना क्षेत्र में एक कलेक्शन एजेन्ट के साथ हुई लूट की वारदात का 24 घण्टे के भीतर खुलासा कर दिखाया है । इस सिलसिले में चार लुटेरे गिरफ्तार किए गए हैं , जिन्हें आज जेल भी भेज दिया गया है । इन चारों के कब्जे से लूट की एक लाख चालीस हजार रुपये की रकम ( 1,40,000/ ) व एक मोबाइल फोन के अलावा घटना मे प्रयुक्त दो मोटर साइकिलें भी बरामद की गई हैं ।
यह जानकारी आज पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने पत्रकारों को दी । उन्होंने बताया कि गत छः जुलाई को सायं करीब 5 : 35 बजे सूचना मिली कि थाना चौराखास क्षेत्र के बाढ़ू चौराहा, दर्जिया के पास कुछ लोगों ने दो व्यक्तियों को मारपीट कर उनसे डेढ़ लाख रुपये की नकदी व एक एण्ड्रायड मोबाइल फोन छीन लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल पहुँचकर बारीकी से घटनास्थल का निरीक्षण किया और सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू की । पुलिस अधीक्षक ने इस वारदात को अंजाम देने वाले बदमाशों का पता – सुराग लगाने व लूट की रकम की बरामदगी के लिए चौरा खास थासने की पुलिस व स्वाट की संयुक्त टीम का गठन किया था । इस संयुक्त पुलिस टीम द्वारा 24 घण्टे के भीतर घटना का अनवारण करते हुए घटना में शामिल चार लोगों को लूट की एक लाख चालीस हजार रुपये की धनराशि , एक मोबाइल फोन व घटना मे प्रयुक्त दो मोटर साइकिलोन के साथ गिरफ्तार कर लिया , जिन्हें आज जेल भेज दिया गया है । पुलिस को पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाशों से मिली जसनकारी के अनुसार एक व्यापारी की दुकान के लिए विपिन तुरहा एवं अमन चौबे बकाया वसूली का काम करते हैं। घटना के कुछ दिन पूर्व विपिन तुरहा ने अपने रिश्तेदार वीरेंद्र कुमार शाह उर्फ जगुआर को बताया कि वह वसूली करने के लिए अक्सर जाता है। उसके मालिक के पास काफी पैसा है। उसने अगुआर से कहा कि अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रास्ते में हम लोगों के साथ मारपीट का दिखावा कर पैसा ले लेना और दो दिन बाद मुझे आधा पैसा दे देना, बाकी आधे में तुम अपना हिसाब कर लेना। इसी साजिश के तहत गत छः जुलाई को विपिन तुरहा स्वयं अपनी लोकेशन व्हाट्सएप से जगुआर को दे रहा था। घटनास्थल बाढू चौराहा के निकट जगुआर ने अपने चार अन्य साथियों – अफजल अंसारी , शहनवाज अंसारी , नीरज यादव व एक अन्य बदमाश के साथ इस वारदात को अंजाम दिया । मौके पर हुई मारपीट के दौरान विपिन तूरहा द्वारा शहनवाज को घुसा मार देने से नाराज होकर शहनवाज द्वारा विपिन तुरहा को ज्यादा मारा – पीटा गया। उसका इलाज चल रहा है। शीघ्र ही विपिन तूरहा के साथ एक अन्य अभियुक्त को भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।
गिरफ्तार किये गए अभियुक्तो में अफजल अंसारी पुत्र नियाजुद्दीन अंसारी साकिन रघुनन्दनपुर मंगल टोला थाना चौराखास जनपद कुशीनगर, शहनवाज अंसारी पुत्र नफीस अंसारी साकिन भानपुर थाना चौराखास जनपद कुशीनगर, वीरेन्द्र कुमार शाह उर्फ जगुआर पुत्र स्व0 जोगिन्दर शाह साकिन साकिन दुहौना थाना कटया जनपद गोपालगंज बिहार, नीरज यादव पुत्र गणेश यादव साकिन रघुनन्दनपुर मंगल टोला थाना चौराखास जनपद कुशीनगर शामिल है। पुलिस टीम ने इन चारों को चौरा खास थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 126(2), 309(4) के तहत इन अभियुक्तो को जेल भेज दिया है। बरामदगी व गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में चौरा खास थाने के थानाध्यक्ष दिनेश कुमार, स्वात टीम के प्रभारी दरोगा स्वतंत्र कुमार सिंह , उप निरीक्षक नबीस अहमद, अवनीश कुमार यादव, मुख्य आरक्षी अशोक यादव, स्वात के मुख्य आरक्षी सनातन सिंह , राहुल सिंह , सिपाही चन्द्रिका मौर्या, रितेश यादव, ऋषि पटेल , शिवानन्द सिंह व अंकित सिंह शामिल रहे।



