
नोएडा । नोएडा के सेक्टर-121 स्थित जगन्नाथ मंदिर में 16 जुलाई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आएंगी। उनके आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। डीएम मेधा रूपम ने शनिवार को सुबह करीब 9 मंदिर परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
मंदिर समिति के अनुसार, यह दिल्ली-एनसीआर का सबसे बड़ा जगन्नाथ मंदिर है। यहां लगातार 17वें साल रथ यात्रा निकाली जाएगी। राष्ट्रपति सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच मंदिर पहुंचकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन करेंगी। उनके प्रस्थान के बाद दोपहर 3 बजे रथ यात्रा शुरू होगी। रथ यात्रा मंदिर परिसर से निकलकर बसई गांव होते हुए सेक्टर-71 स्थित बाबा बालकनाथ मंदिर पहुंचेगी। रथ में भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा, बड़े भाई बलराम और सुदर्शन महाराज की प्रतिमाएं विराजमान रहेंगी। परंपरा के अनुसार भगवान एक सप्ताह तक बाबा बालकनाथ मंदिर में विश्राम करेंगे। इसके बाद 24 जुलाई को वापसी यात्रा के साथ प्रतिमाएं जगन्नाथ मंदिर लाई जाएंगी। समिति अध्यक्ष प्रमोद भल ने बताया कि इस वर्ष रथ को विशेष रूप से भव्य बनाया गया है। इसकी लंबाई 24 फीट, ऊंचाई 22 फीट और चौड़ाई 16 फीट होगी। पहली बार रथ में आठ पहिए और चार घोड़े लगाए जा रहे हैं। मंदिर प्रशासन का कहना है कि इससे श्रद्धालुओं को अधिक व्यवस्थित और आकर्षक रथ यात्रा का अनुभव मिलेगा।



